सोनीपत। अभिनेत्री पायल रोहतगी ने जेएनयू में झगड़े के बाद दीपिका पादुकोण के वहां जाने को पूरी तरह से गलत बताया है। पायल रोहतगी ने कहा कि दीपिका को जेएनयू के विवाद की पूरी जानकारी तक नहीं है और वह केवल अपनी फिल्म का प्रमोशन करने के चक्कर में वहां पहुंच गईं। वह जेएनयू के विवाद को अपने प्रमोशन के लिए इस्तेमाल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वह दीपिका पादुकोण को ज्यादा समझदार समझती थीं। उनको सीएए पर पता है कि क्या अफवाह फैलाई जा रही है, लेकिन इसके बावजूद वह उस लड़की के साथ खड़ी हो गईं जो जेएनयू में इस तरह के झगड़े को बढ़ावा दे रही है। पायल ने आरोप लगाया कि जेएनयू में लेफ्ट लगातार वीसी, डीन व अन्य को टारगेट कर रहा है। पायल ने दीपिका पादुकोण की फिल्म को अच्छे टॉपिक पर बताया, लेकिन इसके साथ ही दीपिका को झगड़े को बढ़ावा देने वाली भी कहा।
अभिनेत्री पायल रोहतगी व रेसलर संग्राम सिंह कुंडली के सुशांत सिटी में नाद वेलनेस सेंटर में पहुंचे थे। जहां बातचीत करते हुए पायल रोहतगी ने कहा कि राजनीति में पूरी तरह से आने की उनकी अभी तक कोई योजना नहीं है। क्योंकि वह इंजीनियर बनना चाहती थीं, लेकिन बॉलीवुड में चली गई। बॉलीवुड में अभी तक काम करने के बाद राजनीति में बढ़ रही हूं। पायल ने कहा कि मुझे देशहित में बोलने के साथ ही काम करने वाली पार्टी अच्छी लगती है। इसलिए मैं उसी पार्टी से जुड़ना पसंद करूंगी जो देशहित में सोचती है और वह केवल भाजपा है। पायल रोहतगी ने कहा कि राजस्थान वाला मामला बहुत गलत था, क्योंकि हमारा लोकतांत्रिक देश है। हर किसी को बोलने की पूरी आजादी है और मोतीलाल नेहरू को लेकर जितना उन्होंने कहा है, उससे ज्यादा कांग्रेस के नेता लगातार स्वतंत्रता सेनानियों का मजाक उड़ाते हुए बोलते हैं। उन्होंने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद वह लगातार बोल रही हैं, कहा अब में बॉलीवुड से बोर होकर राजनीति की तरफ बढ़ रही हूं।
--
हरियाणा को लेकर बदल रही सोच, युवा बढ़ रहे आगे: संग्राम सिंह
रेसलर व अभिनेता संग्राम सिंह ने कहा कि हरियाणा को लेकर हर जगह लोगों की सोच बदल रही है और इसका सबसे बड़ा कारण हरियाणा के युवा है। हरियाणा के युवा हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं, जिसमें प्रशासनिक सेवा, खेल, फिल्म सबकुछ शामिल है। कहा कि यहां से अब आईएएस, आईपीएस, आईआरएस भी निकल रहे हैं और वह अन्य जगह भी दिखाई देते हैं। संग्राम सिंह ने कहा कि युवा भले ही आगे बढ़ रहे हों, लेकिन उनको सामाजिक व सांस्कृतिक शिक्षा भी जरूर मिलनी चाहिए। संग्राम सिंह ने राजस्थान पुलिस पर बोलते हुए कहा कि जिस तरह से पायल को पकड़ा गया, वह पुलिस की छोटी सोच है। संग्राम सिंह ने सीएए को लेकर कहा कि लोग उसको समझ नहीं रहे हैं और उसको लेकर अफवाह फैलाई जा रही है। जबकि इससे किसी को नुकसान नहीं होने वाला है और किसी को देश से बाहर नहीं निकाला जा रहा है।
--
भागदौड़ भरी जिंदगी में सुकून के लिए नाद वेलनेस सेंटर आए
अभिनेत्री पायल रोहतगी व संग्राम सिंह ने कहा कि उनकी जिंदगी में भागदौड़ लगातार हो रही है। लेकिन वह कुछ समय सुकून का बिताना चाहते थे और इस कारण ही वह कुंडली के सुशांत सिटी में नाद वेलनेस सेंटर में पहुंचे। जहां उनको पहुंचकर काफी अच्छा लगा है और वहां कई तरह की थेरेपी लेने के साथ ही योगा आदि किया गया। पायल रोहतगी ने कहा वहां रहकर उनकी दिनचर्या ही पूरी तरह से बदल गई और उनको काफी अच्छा माहौल मिला है।