खरखौदा। गांव फरमाणा में सब्जी विक्रेता युवक को हमलावरों ने अधमरा कर दिया। देर रात वह अपने घर के बाहर अधमरी हालत में पड़ा मिला। परिजन उसे पीजीआई, रोहतक ले गए तो वहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर गांव के ही दो सगे भाइयों समेत अन्य पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
फरमाणा निवासी विकास गांव में ही सब्जी बेचने का काम करता था। शुक्रवार की शाम को घर से बाहर गया हुआ था। काफी देर बाहर रहने के बाद वह घर आया तो उसके पास फिर से किसी का फोन आ गया। जिस पर वह अपने पिता को कुछ देर में वापस आने की बात कहकर चला गया, लेकिन नहीं लौटा। रात करीब 11 बजे गली में कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर सुभाष जब घर से बाहर आया तो पाया कि विकास खून से लथपथ बेसुध हालत में गेट के बाहर पड़ा हुआ है। वह उसे पीजीआई, रोहतक में लेकर गए, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया। साथ ही मृतक विकास के पिता सुभाष के बयान पर गांव के ही दो सगे भाई रोहित व सोहित सहित कई अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।