फोटो : 08: सोनीपत के गन्नौर में गढ़ी केसरी रोड पर पशु अस्पताल के पास क्षतिग्रस्त मैनहोल। संवाद
- फोटो : संवाद
गन्नौर। शहर में जगह-जगह क्षतिग्रस्त मैनहोल हादसों को न्योता दे रहे हैं। मुख्य सड़कों पर खुले और ऊंचे मैनहोल आसानी से देखे जा सकते हैं। कई स्थानों पर सीवर के ढक्कन या तो गायब हैं या बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
सबसे गंभीर स्थिति गढ़ी केसरी रोड पर पशु अस्पताल के पास देखी गई जहां बीच सड़क पर सीवर का ढक्कन पिछले कई दिनों से टूटे हुए हाल में पड़ा है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जनस्वास्थ्य विभाग इस समस्या का समाधान करने की बजाय मूकदर्शक बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी खुले मैनहोल पर ढक्कन नहीं लगवाकर मानो किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त मैनहोल की मरम्मत कर जल्द से जल्द स्थिति को सुधारा जाए। एसडीएम प्रवेश कादियान ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए थे कि सभी टूटे हुए ढक्कनों को तुरंत ठीक किया जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।