सोनीपत। कामी रोड स्थित द सोनीपत सहकारी चीनी मिल में आई तकनीकी खराबी को आखिरकार सोमवार देर रात तक ठीक कर लिया था। जिसके बाद किसानों ने राहत की सांस ली। वहीं मिल प्रशासन ने किसानों को 25 हजार क्विंटल गन्ने की पर्ची बुधवार के लिए जारी की है। अभी गन्ने की पिराई की रफ्तार को धीमा रखा गया है। ऐसे में यार्ड में किसानों को अपना नंबर आने में इंतजार करना पड़ रहा है।
मिल में पेराई सत्र का शुभारंभ सांसद रमेश कौशिक ने 23 नवंबर को किया था। गन्ने की आपूर्ति कम होने की वजह से पेराई सोमवार सुबह ही शुरू हुई थी। जिसके बाद किसानों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन कुछ घंटे में 1,478 क्विंटल गन्ने की पेराई करने के बाद मिल में तकनीकी खराबी आ गई जिससे पेराई का काम बंद हो गया था। मंगलवार शाम तक करीब 15 हजार क्विंटल गन्ने के पेराई हो सकी।
वर्जन
मिल में सोमवार को आई तकनीकी खराबी को दूर कर लिया गया है। मंगलवार को गन्ने की पेराई शुरू हो चुकी है। यार्ड में गन्ने की मात्रा बढ़ाने के लिए बुधवार के लिए 25 हजार क्विंटल गन्ने की पर्ची जारी कर दी है।
संजय कुमार, प्रबंध निदेशक, सहकारी चीनी मिल