- बहनों से तिलक करवाने और भाइयों से मिलने के लिए सुबह से ही रहा आवागमन
- दिल्ली, पानीपत, रोहतक और बड़ौत रूट पर रोडवेज बसों में रही भीड़
- यात्रियों की संख्या बढ़ने पर लोकल रूटों पर बढ़ाए बसों के फेरे
फोटो 29: सोनीपत बस अड्डे पर बस पकड़ने के लिए पहुंचे यात्री। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। भैया दूज पर बुधवार को भाई-बहनों के मिलन का सिलसिला सड़कों से लेकर रेलवे ट्रैक तक दिखाई दिया। पर्व मनाने के लिए अपने घरों से निकले लोगों के कारण रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर सुबह से ही यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई। बहनों के घर तिलक करवाने जाने वाले भाइयों और भाइयों के घर पहुंचने वाली बहनों ने बसों और ट्रेनों से सफर किया। इसके चलते सामान्य दिनों के मुकाबले सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में अधिक भीड़ रही।
त्योहार पर यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज प्रबंधन ने पहले से ही व्यवस्था की थी। सोनीपत डिपो की 150 से अधिक बसों के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान सहित अन्य राज्यों के लिए सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। यात्रियों की संख्या को देखते हुए दिल्ली, पानीपत, रोहतक और बड़ौत रूट पर अतिरिक्त बसें चलाई गईं। लोकल रूटों पर भी भीड़ के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए गए।
भीड़ वाले रूटों पर तुरंत रवाना की बसें
रोडवेज प्रबंधन ने चालक-परिचालकों की छुट्टियां रद्द कर उन्हें ड्यूटी पर तैनात रखा। ड्यूटी शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि जिस रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक हो, वहां तुरंत बस उपलब्ध कराई जाए। इससे यात्रियों को बस अड्डे पर अधिक देर तक इंतजार नहीं करना पड़ा।
रेलवे स्टेशन पर भी दिनभर यात्रियों की भीड़ रही। दिल्ली से सोनीपत होते हुए कुरुक्षेत्र जाने वाली सवारी गाड़ियों का परिचालन निर्धारित समय के अनुसार किया गया। दिल्ली और पानीपत की ओर जाने वाली ट्रेनों में विशेष रूप से अधिक भीड़ देखने को मिली। भीड़ के कारण कुछ पुरुष यात्री महिला स्पेशल कोच में भी सफर करते नजर आए।