- सेक्टर-12 कम्युनिटी सेंटर में आयोजित मेले में खरीदारी के साथ मनोरंजन और खानपान के मिल रहे विकल्प
फोटो 38: सोनीपत के सेक्टर-12 कम्युनिटी सेंटर में आयोजित मेले में जंपिंग कैसल में उछल कूद करते बच्चे। स्रोत: फाउंडेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। स्प्रेड स्माइल फाउंडेशन की ओर से सेक्टर-12 कम्युनिटी सेंटर में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक दिवाली मेला शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन मेले में शहरवासियों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। हस्तनिर्मित उत्पादों और दिवाली सजावट के सामान के स्टॉल के साथ खानपान, गेम्स, मेहंदी, नेल आर्ट और मनोरंजक गतिविधियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
मेले में खरीदारी के साथ मनोरंजन और स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद लिया जा रहा है। फाउंडेशन के संस्थापक नितिन जैन ने बताया कि मेला एक नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 8:30 बजे तक चलेगा। इसमें प्रवेश पूरी तरह निशुल्क है और सभी आयु वर्ग के लोग इसमें शामिल हो सकते हैं। मेले के आगामी दो दिनों में भी आगंतुकों के लिए कई विशेष आकर्षण रखे गए हैं। शनिवार को लाइव जैमिंग और म्यूजिक परफॉर्मेंस के साथ सूमो एवं मिकी जैसे मनोरंजक आकर्षण होंगे। वहीं, रविवार को लकी ड्रॉ, ओपन माइक और विंटेज फोटो बूथ के जरिये लोगों को मनोरंजन के अवसर मिलेंगे।
संस्था के आठ वर्ष के सफर में यह सातवां दिवाली मेला है। 100 से अधिक सदस्यों और स्वयंसेवकों की भागीदारी से आयोजित यह आयोजन सामुदायिक सहभागिता का उदाहरण बन रहा है। मेले से प्राप्त राशि का उपयोग संस्था के सामाजिक कार्यों में किया जाएगा। इसमें विशेष रूप से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहयोग दिया जाएगा। इस मौके रमेश जैन, प्रवीण जैन, सुधीर जैन, अभिषेक कामरा, मीनू अग्रवाल , शारदा रेलन, प्रियंका, श्रुति सिंगला भी मौजूद रहे।