गोहाना-खरखौदा मार्ग जो पिछले छह माह से अपनी बदहाली का रोना रो रहा है, उसके हालात अब जल्द ही सुधर सकते हैं। यह बात सीएम मनोहर लाल ने पहलवान योगेश्वर दत्त के ट्वीट के जवाब में दी है।
भैंसवाल कलां के ओलंपियन पहलवान योगेश्वर दत्त ने मुख्यमंत्री को ट्वीट कर टूटी सड़क व पुल का निर्माण कराने की अपील की थी। योगेश्वर ने ट्वीट किया कि मुख्यमंत्री जी, ये गोहाना-खरखौदा मार्ग है। छह महीने से टूटा है। कोई सुध नहीं ले रहा है। कोई न कोई दुर्घटना हो रही है। योगेश्वर के ट्वीट के कुछ ही घंटे बाद ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और ट्वीट का जवाब दिया। सीएम ने लिखा कि सरकार ने इस स्थान पर पुल निर्माण की मंजूरी दे दी है। छह महीने में कार्य संपन्न हो जाएगा। इसके बाद योगेश्वर ने सीएम का आभार जताया।
पुल टूटा होने से हादसा होते-होते टला
पहलवान योगेश्वर दत्त ने जिस सड़क व पुल को बनवाने के लिए मुख्यमंत्री को ट्वीट किया है, उसी सड़क पर टूटे हुए पुल के कारण रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दरअसल, पुल टूटने के बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा भैंसवाल कलां की तरफ से नहर की साइड कोई अवरोधक या निशान नहीं लगा रखें हैं। इस कारण वाहन चालकों को पता ही नहीं चलता कि आगे सड़क है या नहीं। ऐन मौके पर पहुंचने के बाद चालक को नहर दिखाई देती है, जिस कारण हादसे का अंदेशा बना रहता है। रविवार को एक ट्रक चालक सीधा चला आ रहा था तथा जैसे ही ट्रक नहर में जाने लगा तो वह उसे बड़ी मुश्किल से रोक पाया।