पटेल नगर की स्कूटी सवार एक महिला 32 वर्षीय सरिता पर फिम्स अस्पताल के नजदीक पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। किसी तरह महिला ने खुद को बचाया, लेकिन आरोपी उससे मारपीट करके फरार हो गए। पुलिस मामले को पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है।
पुलिस के मुताबिक पटेल नगर निवासी सरिता का कहना है कि वह रसोई गांव स्थित पीएनबी में कर्मचारी है। किसी कार्य से रविवार को रसोई गांव गई थी। शाम को जब स्कूटी पर वापस घर आ रही थी तो रास्ते में निजी अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। साथ ही उससे मारपीट कर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन तभी राहगीर आ गए।
इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस का कहना है कि पता चला है कि यह वारदात आपसी रंजिश हो सकती है, क्योंकि सरिता के पति सूरज और देवर के खिलाफ बहालगढ़ पुलिस चौकी में मारपीट करने का मामला दर्ज है। बहालगढ़ चौकी प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि पहले मामला सेक्टर-3 चौकी को बताया गया था। अब पता लगा कि उनके क्षेत्र में घटना हुई है। महिला के बयान दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वारदात रंजिश के चलते हो सकती है।