सोनीपत के गांव आहुलाना में एक युवक ने महिला की ईंट मारकर हत्या कर दी। उसकी बेटी पर भी सूए से वार किया। परिजनों ने महिला व उसकी बेटी को अस्पताल में पहुंचाया, जहां से बेटी को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। महिला के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
गांव आहुलाना निवासी कपिल ने बरोदा थाना पुलिस को बताया कि रविवार रात 11 बजे पड़ोसी अजय शराब के नशे में उनके घर के बाहर आकर गाली देने लगा। अजय ने उनके घर के गेट पर कुल्हाड़ी और सुए से वार करने शुरू कर दिए। इस समय उसके पिता सुरेश और भाई घर से बाहर थे।
शोर सुनकर वह, उसकी बहन सुनील और मां रानी ने गेट खोला तो अजय ने उन पर हमला कर दिया। अजय ने ईंट उठाकर मां को मारनी शुरू कर दी। ईंट लगने से मां बेसुध होकर गई। इसके बाद अजय ने बहन सुनील पर सुए से वार कर उसे घायल कर दिया। उसके साथ भी मारपीट की और उस पर ईंट व कुल्हाड़ी से वार करने की कोशिश की लेकिन वह बच गया। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो अजय वहां से धमकी देकर फरार हो गया।
कपिल के अनुसार अजय ने धमकी दी कि अभी तो एक को मारा है, बाद में उन्हें भी नहीं छोड़ेगा। परिजन रानी और सुनील को लेकर सामान्य अस्पताल में पहुंचे। वहां रानी को मृत घोषित कर दिया गया। सुनील को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
युवक के बयान पर आरोपी अजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि उसने किस रंजिश में वारदात को अंजाम दिया है। - ओमप्रकाश सिंह, कार्यवाहक प्रभारी, थाना बरोदा।