हरियाणा के सोनीपत में राई क्षेत्र में नेशनल हाईवे (एनएच)-44 पर गांव कुमासपुर से पहले सेक्टर-7 मोड़ स्थित फ्लाईओवर पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दिल्ली पुलिस कर्मचारी की कार पिलर से टकरा गई। हादसे में सिपाही की पत्नी की मौत हो गई, जबकि वह घायल हो गया। दोनों दिल्ली से मुरथल ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे। बहालगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के बुध विहार निवासी बादल दहिया ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि वह दिल्ली पुलिस में सिपाही है। वह शनिवार रात करीब आठ बजे अपनी पत्नी दीपिका (27) के साथ कार में सवार होकर दिल्ली से मुरथल ढाबे पर खाना खाने आ रहा था। रात को जब वह सेक्टर-7 मोड़ स्थित फ्लाईओवर पर पहुंचे तो अचानक किसी वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर पर बने पिलर से टकरा गई। हादसे में दोनोें घायल हो गए। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम और एंबुलेंस को हादसे की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने तक दीपिका की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं सिपाही बादल को उपचार दिलवाया गया। पुलिस ने मामले में बादल के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।