सोनीपत के राई स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल में फिल्माई गई वेब सीरीज में बेहद आपत्तिजनक दृश्य दिखाए जाने पर बवाल हो गया है। स्कूल प्रबंधन की ओर से वेब सीरीज के निर्माता व निर्देशक के खिलाफ राई पुलिस थाना में केस दर्ज करवाया गया है। साथ ही सीरीज पर रोक लगाने की मांग भी की गई है। वहीं, अभिभावकों ने भी वेब सीरीज को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की कार्रवाई
बताया जा रहा है कि वेब सीरीज में दिखाए गए दृश्यों को स्कूल परिसर में फिल्माया गया था। इस वेब सीरीज में न केवल अश्लील दृश्य दिखाए गए हैं बल्कि छात्रों को सिगरेट पीते भी दिखाया गया है। फिल्म की शूटिंग वर्ष 2021 में की गई थी। आरोप है कि सीरीज रिलीज करने से पहले स्कूल प्रबंधन को नहीं दिखाई गई और न ही अनुमति ली गई।स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्कूल के नाम का एक अक्षर बदल किया गया प्रयोग
राई स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल की ओर से राई थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2021 में जिस सीरीज की शूटिंग के लिए इजाजत मांगी गई थी, उसमें स्कूल को प्रतिष्ठित व ख्यातिप्राप्त दिखाने की बात कही गई थी। उस समय सीरीज का नाम भी रंग दे मोहे बताया गया था। वेब सीरीज के निर्माण मनीष त्रेहान व निदेशक राहुल दहिया ने वायदा किया था कि सीरीज में स्कूल की शान को बढ़ा चढ़ा कर दिखाया जाएगा, लेकिन अब बिना अनुमति के स्कूल से संबंधित एक सीरीज ओटीटी प्लेटफार्म पर जारी कर दी गई है, जिसमें स्कूल की प्रतिष्ठा को आघात पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
प्रतिष्ठित स्कूल का लोगो व विद्यार्थियों की वर्दी से हो रही पूरी पहचान
वेब सीरीज अब विरोध नाम से ओटीटी प्लेटफार्म पर चलाई जा रही है। फिल्म में बेहद आपत्तिजनक सीन दिखाए गए हैं। विद्यार्थियों को खूब गाली गलौज व अय्याशी करते हुए दिखाया गया है। इसको लेकर स्कूल में पढऩे वाले बच्चों के अभिभावकों ने विरोध करना शुरू किया तो स्कूल प्रबंधन ने राई थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में चेतावनी भी दी गई है कि इससे स्कूल का नाम और लोगो हटाया जाए अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जायेगी। खास बात यह है कि चेतावनी का सीरीज के निर्माता निर्देशक पर कोई फर्क नहीं पड़ा है और सीरीज से अभी तक कुछ नहीं हटाया गया है। थाना राई के इंस्पेक्टर देवेंद्र ने बताया कि वेब सीरीज के निर्माता मनीष त्रेहान एवं निदेशक राहुल दहिया एवं ओटीटी प्लेटफार्म मैक्स प्लेयर के खिलाफ आईटी एक्ट 2000 की धारा 67 के तहत केस दर्ज कर लिया है।