कुम्हार गेट स्थित वाल्मीकि बस्ती में सोमवार रात को दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग से तीन लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने 13 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मंगलवार को तीनों शवों को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
वाल्मीकि बस्ती में सोमवार रात महाबीर व संदीप के परिवार में किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग में छह लोगों को गोली लगी, जिसमें से तीन की मौत हो गई। वहीं, तीन की हालत गंभीर बनी हुई है, जो निजी अस्पताल में दाखिल हैं। मृतक महाबीर के बेटे नवीन ने पुलिस को बताया कि उनका परिवार सोमवार रात को घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान उसके चचेरे भाई संदीप और उसके साथियों ने उनके घर पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में उसका पिता महाबीर, भाई रवींद्र उर्फ मोंटी तथा बहन नीतू की मौत हो गई। उसके साथ उसकी दूसरी बहन पूनम भी गोली लगने से घायल हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष के संदीप के भाई संजय भी गोली लगी है।
नवीन की शिकायत पर पुलिस ने संदीप, सुभाष, शिवकुमार, हिमांशु, ज्योति, संजू व मोहित, शबनम, गौरव, सौरभ, शिवा, अंकित, अनीता और मीना के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। इनमें आरोपी संदीप उर्फ डीपी, सुभाष, शिवकुमार उर्फ शिवा, हिमांशु, ज्योति व शबनम को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा ताकि वारदात में इस्तेमाल किए हथियार और अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
अजय मलिक, सिटी थाना प्रभारी