हरियाणा के सोनीपत में जीटी रोड पर गन्नौर व मुरथल के बीच से सोनीपत पुलिस ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के तीन मददगारों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में पति-पत्नी व उनका तीसरा साथी शामिल हैं। रवि व वरिंद्र दीप कौर (दंपती) पंजाब के तरनतारन और उनका साथी कणभ चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। तीनों फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश भागने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट जा रहे थे। आरोपी पाकिस्तान में आतंकी संगठन के संपर्क में थे।
पुलिस के अनुसार, नवंबर 2021 को जम्मू-कश्मीर में दो आतंकी मोहम्मद परवेज और उमर फारूख पकड़े गए थे। इनके पास से पुलिस ने 28 व 15 लाख रुपये बरामद किए थे। पुलिस पूछताछ में पता चला कि वह आतंकियों की मदद करने वाले आरोपी आशिक के लिए काम करते हैं। इनको यह रुपये अमृतसर में अज्ञात मददगार ने नवंबर में दिए थे। पुलिस जांच में अज्ञात मददगार की पहचान रवि और उसकी पत्नी वरिंद्र दीप कौर के रूप में हुई थी।
आरोपियों के बारे में इनपुट मिलने के बाद से ही रवि और उसकी पत्नी का मोबाइल बंद हो गया था। इस बीच पुलिस को उनके साथी का नंबर मिला। वह कणभ का था। इस मोबाइल नंबर की लोकेशन जीटी रोड पर दिल्ली की तरफ मिली थी, जिसके बाद सोनीपत सीआईए टीम की मदद से तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी फतेहाबाद से बनवाए गए फर्जी पासपोर्ट से दिल्ली जा रहे थे। वहां से विदेश भागने की फिराक में थे।
आतंकियों के तीन मददगारों को भिगान के पास से काबू किया गया है। उन्हें जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंप दिया गया। आरोपियों को जम्मू-कश्मीर पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेकर चली गई। - राहुल शर्मा, एसपी सोनीपत