प्लॉट को लेकर जींद रोड पर ईशापुर खेड़ी गांव में अब हालात सामान्य हो गए हैं। सोमवार को दोनों पक्षों के लोग अपना-अपना पक्ष रखने एसडीएम आफिस पहुंचे। जहां ब्राह्मण समुदाय की ओर से रामप्रसाद और उसके परिजनों ने कहा कि जमीन का इंतकाल उनके नाम है। ऐसे में प्लॉट पर पहला हक उनका बनता है, जबकि दूसरे पक्ष ने कहा कि पंचायत ने यह जमीन प्लॉटों के लिए पिछड़ा वर्ग और दलित समुदाय को दी है। ऐसे में उनका दावा बनता है। फिलहाल मामले को लेकर डीसी कोर्ट में केस चल रहा है। एसडीएम ने दोनों पक्षों को डीसी कोर्ट का फैसला आने तक दोनों पक्षों को हिदायत दी कि जमीन को लेकर किसी भी तरह का बदलाव न किया जाए। अदालत के निर्णय के अनुसार आगे कदम उठाया जाएगा। इसके बाद दोनों पक्ष वापस लौट गए।
हालात सामान्य, फिर भी गांव में पुलिस तैनात
रविवार की घटना के बाद गांव में हालात तो सामान्य हैं, लेकिन सावधानी के तौर पर डेढ़ दर्जन पुलिसकर्मी अब भी तैनात हैं। बाकी फोर्स वापस बुला लिया गया है। बुटाना चौकी पुलिस की एक गाड़ी जरूर गांव में खड़ी है।