सीसीटीवी में बैरियर हटाता दिख रहा युवक व फायरिंग के लिए पिस्तौल हाथ में लिए कार चालक।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के सोनीपत के भिगान टोल प्लाजा पर बिना टैक्स दिए टोल पार कर रहे कार सवार युवकों को रोकने पर उन्होंने फायरिंग कर दी। टोलकर्मियों के अनुसार युवकों ने चार फायर किए और भाग गए। वारदात टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना के बाद मुरथल थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
रविवार को पानीपत की तरफ टोल प्लाजा की लेन नंबर-5 पर कार बूथ पर आकर रुकी। कार से दो दो उतरे और बैरियर को हटा दिया। इसी दौरान कार चालक ने बूथ पर बैठे कर्मचारी को पिस्तौल दिखाई और बूथ से कार को बिना टोल चुकाए ही निकाल लिया। इसके बाद उसके दोनों साथी भी कार में बैठ गए। टोल कर्मियों के अनुसार अपने साथियों को कार में बैठाने के बाद कार चालक ने टोल पर करीब चार फायर कर भाग गए। सूचना के बाद मुरथल थाना प्रभारी जसपाल व एसटीएफ और सीआईए की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की।
कार के आगे वाले शीशे पर था पुलिस का स्टीकर
जिस कार में युवक सवार होकर आए थे उसके आगे वाले शीशे पर पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था। आगे की नंबर प्लेट आधी टूटी हुई थी। सीसीटीवी में दिख रहा है कि नंबर प्लेट पर सिर्फ एचआर-11 अंकित है। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कार गोहाना अथॉरिटी में रजिस्टर्ड है।
टोल कर्मी ने टोल टैक्स नहीं देने व फायरिंग करने का आरोप लगाया है। चार अज्ञात युवकों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। उनका पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।
-गोरखपाल राणा, एसीपी गन्नौर।