सोनीपत में रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी दाएं से दूसरा।
- फोटो : संवाद
हरियाणा के सोनीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) पानीपत की टीम ने सिटी थाना की कोर्ट कॉम्प्लेक्स चौकी से एसआई को 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। वह रुपये रिश्वत लेने के बाद फरार हो गया था। बाद में उसे पकड़ा गया। आरोपी पुलिसकर्मी ने महिला की तरफ से मिली शिकायत के बाद दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते की कॉपी देने की एवज में रिश्वत मांगी थी। आरोप है कि वह साढ़े तीन लाख रुपये पहले ले चुका है।
एंटी करप्शन ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि पानीपत की टीम को शिकायतकर्ता ने बताया था कि उनके भाई के खिलाफ थाना शहर में शिकायत दी गई थी। बताया गया कि युवक के खिलाफ सहमति संबंध में रहने वाली महिला ने शिकायत दी थी। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था।
इसके बाद युवक का पक्ष समझौते की कॉपी लेना चाहता था। इस मामले में उप निरीक्षक बलवान सिंह ने युवक के भाई को समझौते की प्रति उपलब्ध करवाने के बदले में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
आरोप है कि बलवान सिंह मामले में 3.50 लाख रुपये की रिश्वत पहले ले चुका था। अब 50 हजार रुपये मांगे जा रहे थे। इससे तंग आकर युवक के भाई ने पानीपत एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत कर दी। इसके बाद इंस्पेक्टर तेजपाल के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
टीम ने मंगलवार को सोनीपत की कोर्ट कॉम्प्लेक्स चौकी परिसर से ही बलवान को रिश्वत लेते पकड़ने की की। एंटी करप्शन ब्यूरो की रेड के दौरान वह रिश्वत की राशि लेकर मौके से फरार हो गया। जिसे कुछ देर बाद पकड़ लिया गया। इस मामले में आवश्यक सबूत जुटाते हुए जांच की जा रही है।
एसीबी प्रवक्ता ने बताया कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम करने की एवज में रिश्वत की मांग करता है तो इसकी जानकारी हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल फ्री नंबर-1800-180-2022 तथा 1064 पर देनी चाहिए।