गांव खुबडू़ के पास माइनर के निकट युवक पर फायरिंग करने के आरोपी कुख्यात रवींद्र पुगथला के साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव जागसी निवासी संदीप उर्फ विक्की के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
गांव खुबडू़ निवासी दीपक कुमार ने 13 जनवरी को शिकायत दी थी कि वह अपने ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर गांव से बांस रोड पर जा रहा था। गांव के आगे माइनर के निकट पहुंचते ही एक कार में सवार होकर आए हमलावरों ने उस पर गोली चला दी थी। अचानक हुई फायरिंग के बाद उसने पास ही स्थित तालाब में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई थी। हमलावरों की गोली ट्रैक्टर की ट्राली में जाकर लगी थी। दीपक ने मामले से अपने परिजनों को अवगत कराया था। उसने बताया था कि उस पर रवींद्र पुगथला ने हमला कराया है। पुलिस ने रवींद्र पुगथला, दीपक, प्रदीप व तीन अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सामने आया था कि दीपक के चचेरे भाई रोहताश की पहले ही हत्या हो चुकी है। रोहताश की हत्या के मामले में रवींद्र गैंग के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इसके चलते उनकी रंजिश बताई गई है। मामले में कार्रवाई करते हुए एसआई कृष्ण ने संदीप उर्फ विक्की को गोहाना से काबू किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
हत्या प्रयास के मामले में एक आरोपी को काबू किया गया है। उसे दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही उसके साथियों को भी काबू किया जाएगा।
-देवेंद्र कुमार, गन्नौर थाना प्रभारी