रोहतक-पानीपत नेशनल हाईवे स्थित गांव चिड़ाना में ट्राले की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए शहर के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया। ट्राला चालक मौके से फरार हो गया।
गांव जौला, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तरप्रदेश निवासी उमर अपने साथियों के साथ गोहाना क्षेत्र से पुराली लेने आया था। वह ट्रैक्टर-ट्राली में पुराली भरकर पानीपत की तरफ जा रहा था। रोहतक-पानीपत हाईवे स्थित गांव चिड़ाना में ब्रेकर पर ट्राली से पुराली की पूलियां सड़क पर गिर र्गइं। चालक ने ट्रैक्टर रोक दिया और उमर सड़क पर बिखरी पूलियों को एकत्रित करने लगा। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए ट्राले ने उसे सीधी टक्कर मार दी। हादसे में उमर की मौके पर ही मौत हो गई और ट्रक चालक फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मुंडलाना चौकी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और उसके साथियों के बयान पर अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।