क्राइम यूनिट गन्नौर की टीम ने नागालैंड के दीमापुर स्थित पुराना बाजार निवासी अकानो एन येप्थो उर्फ लेयोन को गिरफ्तार किया है। राठधना रोड स्थित निजी विवि के दो छात्रों व मूलरूप से ओडिशा व घटना के समय मालवीय नगर निवासी युवक को पकड़ा था।
हरियाणा के सोनीपत में गन्नौर क्राइम यूनिट की टीम ने मादक पदार्थ सप्लाई करने के मामले में दो लाख के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को टीम ने नागालैंड के दीमापुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी दीमापुर स्थित पुराना बाजार निवासी अकानो एन येप्थो उर्फ लेयोन है।
विज्ञापन
आरोपी को पांच दिन के राहदारी रिमांड पर लेकर सोनीपत लाया जा रहा है। आरोपी पर राठधाना रोड स्थित निजी विश्वविद्यालय के दो छात्रों सहित तीन आरोपियों को मादक पदार्थ सप्लाई का आरोप है। तीनों आरोपी दो किलो 58 ग्राम गांजा सहित पकड़े गए थे।
मामले को लेकर बारोटा चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने 23 नवंबर, 2023 को पुलिस को बताया था कि उनकी टीम बारोटा रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें तीन युवक संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखाई दिए थे। तलाशी लेने पर उनके पास से दो किलो 58 ग्राम गांजा बरामद हुआ था।
विज्ञापन
आरोपियों की पहचान मूलरूप से पंजाब के मोहाली निवासी रोणित, मूलरूप से कनार्टक निवासी तेजस हरीश और मूलरूप से ओडिशा निवासी गोपीनाथ वेहरा के रूप में हुई। गोपीनाथ फिलहाल सोनीपत के मालवीय नगर में रहता है। वह मादक पदार्थ सप्लाई करता था। वहीं तेजस हरीश और राणित कौशल दोनों राठधना रोड स्थित निजी विवि के छात्र थे और हॉस्टल में रहते थे।
पूछताछ में सामने आया था कि उन्हें दिल्ली में अकानो एन येप्थो उर्फ लेयोन ने मादक पदार्थ दिया था। जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी को प्रयास हुए थे। उसकी गिरफ्तारी पर दो लाख रुपये का इनाम रखा गया था। गन्नौर क्राइम यूनिट को आरोपी के नागालैंड में होने की जानकारी मिली थी।
जिस पर क्राइम यूनिट प्रभारी मनीष की टीम ने आरोपी को नागालैंड के दीमापुर से गिरफ्तार कर लिया है। उसे पांच दिन के राहदारी रिमांड पर लेकर सोनीपत लाया जा रहा है। यहां उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।