जिले में भी उत्तर प्रदेश की तर्ज पर एंटी रोमियो अभियान की शुरुआत हो गई है। आईजी के विशेष निर्देश पर जिले में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की शुरुआत के साथ ही पुलिस व रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने हिंदू कन्या महाविद्यालय के निकट रेलवे लाइन पर चार युवकों को दबोचा गया है। उनसे सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार करने के चलते 800 रुपये जुर्माना भी वसूला गया है। साथ ही आरपीएफ ने रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बुधवार को पुलिस व आरपीएफ की टीम रेलवे स्टेशन परिसर में घूम रहे युवकों की तलाश में लगी थी। इसी दौरान हिंदू कन्या महाविद्यालय के पास पुलिस को कुछ युवक दिखाई दिए। वह आते-जाते लड़कियों पर फब्तियां कस रहे थे। जिस पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों को काबू कर लिया। युवकों ने अपनी पहचान पानीपत के गांव मनाना निवासी सुमित, बाबा कॉलोनी सोनीपत निवासी अमित, मोनू व गोविंद के रूप में दी। उनके खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार का मामला दर्ज किया गया। जिसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां जूनियर मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत ने उन पर 800 रुपये जुर्माना किया है।
लड़कियों के खिलाफ फब्तियां कसने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए पुलिस व रेलवे पुलिस बल की टीम मिलकर पहल कर रही है। एंटी रोमियो अभियान चलाने के लिए आईजी की तरफ से विशेष निर्देश मिले है। इस अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा।
जगदेव मलिक, आरपीएफ थाना प्रभारी।