गांव जाहरी में देर रात बारात में गए ट्रांसपोर्टर मुनीम की हत्या की वारदात को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया था। इस हमले में घायल हुए युवक के पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने एक को नामजद कर हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए सोमवार को दबिश भी दी। वहीं, फायरिंग में घायल युवक की हालत खतरे से बाहर है।
बता दें कि रविवार देर रात जाहरी गांव में गांव करेवड़ी निवासी वीरेंद्र उर्फ मिठू की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। हमले के दौरान वीरेंद्र का दोस्त सुनील भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। दोनों ही जाहरी में अपने दोस्त मनोज के भाई मनीष की बारात में बाराती बन कर आए थे। रात को गांव के अड्डे पर ये दोनों कुछ अन्य दोस्तों के साथ गाड़ी में सवार होकर पहुंचे थे। अड्डे पर ही हथियारबंद युवकों ने हमला किया था।
वारदात की सूचना मिलने के बाद बारात में शामिल कुछ युवकों ने ही दोनों को अस्पताल पहुंचाया था, जहां पर वीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया था। वहीं, सुनील को दिल्ली रेफर किया गया था। सोमवार को पुलिस ने इस मामले में घायल सुनील के पिता रामकुमार के बयानों पर करेवड़ी के अजय उर्फ कन्नू तथा अन्य के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। सोमवार को वीरेंद्र के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा गया।
पुरानी रंजिश थी अजय और वीरेंद्र की
बताया गया है कि अजय और वीरेंद्र के बीच रंजिश थी। इसी रंजिश के कारण उस पर हमला किया गया था। रामकुमार ने अपने बयान में कहा कि अजय और वीरेंद्र के बीच काफी समय पहले झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े के चलते दोनों बीच दुश्मनी हो गई थी, जो वारदात की वजह बन गई।
आरोपी का है आपराधिक रिकॉर्ड
हमले में आरोपी अजय उर्फ कन्नू का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर हत्या के प्रयास के पांच, लूट व अवैध शस्त्र के दो-दो मामले दर्ज हैं। अजय के खिलाफ वर्ष 2009 में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ। इसके बाद इसी वर्ष हत्या के प्रयास के तीन और लूट के दो मामले दर्ज हुए थे। वर्ष 2012 में उसके खिलाफ अवैध शस्त्र के दो और हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज हुआ था। पिछले महीने ही अजय और उसके साथी नीटू के खिलाफ गांव के सरपंच नरेंद्र ने उसके घर पर गोली चलाने का मामला दर्ज कराया था।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसे पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है। जल्द ही उसे और उसके साथियों को काबू कर लिया जाएगा। वारदात की वजह रंजिश को बताया गया है। मामले की जांच जारी है।
मुकेश कुमार, डीएसपी, हेडक्वार्टर।