यहां के एक गांव में भतीजी से कथित दुष्कर्म के मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर पीड़िता का ताऊ फिर से टावर पर चढ़ गया है। लड़की के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में दोबारा से दुष्कर्म का केस दर्ज किए हुए भी एक माह बीतने को है, लेकिन आरोपी अभी तक खुले घूम रहे हैं, जबकि पुलिस ने आश्वासन दिया था कि दो दिन के अंदर आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। ताऊ ने मांग की है कि मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाया लेकिन वह नहीं माने।
एक गांव निवासी व्यक्ति ने चार जुलाई को शिकायत दी थी कि गांव बहालगढ़ निवासी संजय अपने दो साथियों के साथ उसके घर पर आया था। आरोपी ने उसकी बेटी के अपहरण का प्रयास किया था। आरोपी उसकी बेटी से करीब डेढ़ वर्ष पहले दुष्कर्म कर चुका है। आरोपी ने फिर से उसका अपहरण कर उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। बाद में युवती ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज करवाया था कि उससे छेड़खानी की गई है। इसी मामले को लेकर दो सितंबर को युवती का ताऊ गांव में मोबाइल टावर पर चढ़ गया था।
उसे पांच सितंबर को समझाकर नीचे उतारा गया था। बाद में पुलिस ने युवती के बयान पर पांच सितंबर को फिर से संजय, सतपाल, मनोज व एक अन्य युवक पर सामूहिक दुष्कर्म करने व गांव की उसकी सहेली पर आरोपियों की मदद करने का आरोप लगाया था।
युवती ने बताया था कि उसकी सहेली ही उसे किताब लेकर आने का बहना बनाकर सोनीपत लेकर गई थी। वहां से एक युवक उन्हें मोटरसाइकिल पर एक कमरे पर ले गया था। युवक ने वहां पर उसे शीतल पेय में कुछ मिलाकर पिला दिया था। बाद में उससे चारों युवकों ने दुष्कर्म किया था। इतना ही नहीं उसकी अश्लील तस्वीर ली गई, जिन्हें बाद में इंटरनेट पर डाल दिया गया था।
मामले में वीरवार को युवती का ताऊ फिर से टावर पर चढ़ गया है। युवती के भाई ने बताया कि पुलिस ने अभी तक मामले में किसी आरोपी को काबू नहीं किया है। मौके पर पहुंचे डीएसपी सुनील कुमार, एसएचओ रामपाल और बहालगढ़ चौकी इंचार्ज रवींद्र कुमार ने ताऊ को मनाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। कुछ देर मान मनौव्वल के बाद पुलिस अधिकारी वापस लौट गए।35- कार्रवाई न होने पर टावर पर फिर चढ़ा ताऊ