हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम के साथ।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के सोनीपत के गांव बैंयापुर में ठेके के पास युवक की हत्या शराब के लिए पैसे देने से मना करने पर की गई थी। पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वह बैंयापुर का तुषार है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। जिससे उसके साथी का पता लगाने के साथ शराब की बोतल बरामद किया जा सके।
गांव बैंयापुर के रहने वाले धर्मबीर सिंह ने सोमवार को सदर थाना पुलिस को बताया कि उसका बेटा भोला (29) प्लंबर का काम करता था। वह रविवार देर शाम 7 बजे के बाद बाइक लेकर घर से निकला था। उसके बाद वह घर लौटकर नहीं आया। वह अपना मोबाइल भी घर छोड़कर गया था। सोमवार को उन्हें सूचना मिली थी कि उसके बेटे का शव गांव के बाहर शराब ठेके पास पड़ा है।
यह भी पढ़ें ः सोनीपत: प्लंबर की सिर में चोट मारकर हत्या, शराब ठेके के पास मिला शव, रविवार को बाइक पर निकला था घर से
वह मौके पर गया तो वहां पर बेटे के शव और पास में बाइक पड़ी थी। उसके सिर व कान के पास चोट के निशान थे। उसने हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए सदर थाना के एसआई दिलावर ने 24 घंटे में हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी तुषार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ठेके पर पहुंचा तो वहां पास ही भोला खड़ा था। उन्होंने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे तो वह गुस्सा हो गया। उनके बीच गाली-गलौज हो गई। जिस पर उन्होंने कांच की टूटी शराब की बोतल से उस पर वार कर हत्या कर दी और फरार हो गए।
शराब ठेके के पास युवक की हत्या के मामले में जांच करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसने शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए गाली-गलौज में वारदात को अंजाम देने की बात कही है। आरोपी के साथ अन्य युवक भी था। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। -इंस्पेक्टर कर्मजीत सिंह, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत।