मॉडल टाउन स्थित चार मरला में बेचने को लेकर पटाखे लाया था। आरोपी गली में ई-रिक्शा से पटाखे उतार रहा था, पुलिस को देखकर भागने लगा तो पकड़ा गया। पुलिस ने बोरों के अंदर से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सोनीपत में बैन के बाद पटाखों की खेप लगातार पकड़ी जा रही है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने वीरवार रात में मॉडल टाउन स्थित चार मरला से युवक को उसके घर के बाहर से ही पटाखों के साथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
सिविल लाइन थाना के एसआई संजय ने बताया कि वह वीरवार रात को टीम के साथ सुभाष चौक पर गश्त कर थे। इस दौरान सूचना मिली कि मॉडल टाउन चार मरला निवासी तरुण कुमार ई-रिक्शा में अवैध रूप से पटाखे लेकर आया है। वह उसे घर के बाहर उतार रहा है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे दबोच लिया।
पुलिस ने उसके पास से बोरों में भरकर लाए गए अनार के पैकेट, मुर्गा छाप के पैकेट, बुलेट बम, लक्ष्मी बम, चकरी, मैजिक पोर्ट, रॉकेट, फुलझड़ी, स्काई शॉट समेत अन्य पटाखे बरामद किए हैं। वह पटाखे को लेकर कोई लाइसेंस नहीं दिखा सका। दिवाली पर प्रदूषण को रोकने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से पटाखे बेचने पर प्रतिबंध है। दुकानदार सिर्फ ग्रीन पटाखे बेच सकते हैं। पुलिस ने बाद में आरोपी को जमानत पर छोड़ दिया।
विज्ञापन
दो सप्ताह में चार मामले आ चुके सामने
सोनीपत में अवैध रूप से पटाखे बेचने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सोनीपत में दो सप्ताह के अंदर चौथा मामला सामने आया है। इससे पहले भी बुधवार रात को चोरी निरोधक स्टाफ ने बहालगढ़ में गोदाम से पटाखे पकड़े थे। बुधवार को ही मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने गोहाना में खल-बिनौले की दुकान से पटाखे बरामद किए थे। इससे पहले 21 अक्तूबर को दयाल चौक के पास दुकान से पटाखे बरामद हुए थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि चार मरला में युवक ई-रिक्शा में भरकर पटाखे लेकर आया है। उसे पटाखों के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। बाद में उसे जमानत दे दी गई। -इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत