एक दिन पहले गांधी चौक के पास मोबाइल और कपड़े की दुकान में चोरी के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी मूलरूप से गांव बरौनी, बेगूसराय, बिहार फिलहाल आबाद कोट मोहल्ला सोनीपत निवासी सोनू उर्फ गिट्टू है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता जगजीत सिंह ने बताया कि गांधी चौक के पास चार दुकानों में चोरों ने सेंधमारी की थी। इसमें गर्ग कम्यूनिकेशन, खन्ना होजरी, गुरुनानक कम्यूनिकेशन और रोबिन कम्यूनिकेशन शामिल थे। हालांकि गुरुनानक और रोबिन कम्यूनिकेशन में चोरी का प्रयास सफल नहीं हो सका, लेकिन गर्ग कम्यूनिकेशन से 15 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के मोबाइल चुराए गए थे। इसी तरह खन्ना होजरी से हजारों रुपये के कपड़े और 2500 रुपये नकद चुरा ले गए थे। इस तरह मामले में सेक्टर-14 पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर लिया था। इस मामले में सेक्टर-14 पुलिस चौकी ने आदर्श नगर गंदा नाला के पास से शुक्रवार को आरोपी सोनू उर्फ गिट्टू को काबू कर लिया गया। पुलिस ने सोनू के कब्जे से चोरी की गई नकदी में से 5200 रुपये और 16 मोबाइल बरामद कर लिए हैं।
दो लोवर, चार कच्छे ले गए सुअर
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि सोनू ने खन्ना होजरी में चोरी के दौरान लोवर और कच्छे पहनकर देखे थे। इसके बाद पसंद आने पर दो लोवर और चार कच्छे बांध कर नीचे फेंक दिए थे, लेकिन जब तक वह नीचे पहुंचकर कपड़े उठाता तब तक ये कपड़े सुअर ले जा चुके थे। सुअर ने कपड़ों को फाड़ भी दिया था।