पोस्टमार्टम के लिए शव खानपुर मेडिकल कालेज ले जाती पुलिस व परिजन।
- फोटो : sonipat
शहर के जटवाड़ा इलाके के सुबह घर से निकले एक युवक का शव ऋषि कालोनी के पास झाड़ियों में मिला है। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, जटवाड़ा निवासी कपिल ने बयान दर्ज करवाए हैं कि उसका भाई जगबीर सिंह चालक के तौर पर काम करता था। वह 19 अक्तूबर को सुबह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं आया।
शुक्रवार देर शाम सूचना मिली कि एक युवक का शव ऋषि कालोनी के नजदीक झाड़ियों में पड़ा है। पुलिस व परिजन मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त होते ही जगबीर के परिजन सकते में आ गए। जगबीर के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे। आरोप है कि उसकी किसी ने चोट मारकर हत्या कर दी और बाद में शव झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने कपिल के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया।
ओल्ड सिटी पुलिस चौकी प्रभारी जसमेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन मौत के कारणों का स्पष्ट तौर पर खुलासा नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम व विसरा रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव परिजनों के हवाले कर दिया है।