नागरिक अस्पताल में पहुंचे परिजन व ग्रामीण। मृतक का फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद
हरियाणा के सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र में आहुलाना-ढिंढार रोड पर हत्या के बाद आग लगा अधजली हालत में फेंके गए शव की शिनाख्त हो गई है। शव राजपुर गांव के अंकित का निकला। पुलिस ने शुक्रवार को युवक के शव को झाड़ियों से बरामद किया था। अंकित की गर्दन व मुंह पर नुकीले हथियार से हमला कर हत्या की गई थी। पुलिस अब उसके हत्यारोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि अंकित पर गन्नौर थाना क्षेत्र की किशोरी को ले जाने का मुकदमा दर्ज था, जिसमें उससे पूछताछ नहीं हुई थी।
पुलिस ने 30 अगस्त को आहुलाना-ढिंढार रोड से युवक का शव बरामद किया था। जांच में पता लगा था कि युवक की हत्या कर शव को जलाने की कोशिश की गई है। इसके बाद शव को फेंका गया है। पुलिस शव की पहचान में लगी थी। पुलिस के अनुसार शव की शिनाख्त करने के लिए कई दिन से लापता हुए युवकों के परिवार के सदस्यों से संपर्क किया जा रहा था।
इस बीच पुलिस ने राजपुर गांव के अंकित (20) के परिवार से बात की। पता लगा कि अंकित लापता है। अंकित के भाई जयबीर व ग्रामीणों ने सोनीपत के नागरिक अस्पताल में पहुंचकर शव की शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कागजात बनाए तो चिकित्सक ने शव को खानपुर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस अब हत्या के कारणों व हमलावरों का पता लगाने में जुट गई है।
परिजनों ने हत्या के कारणों की नहीं दी जानकारी
अंकित सोनीपत के कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष का छात्र था। पुलिस पूछताछ में अंकित के भाई जयबीर ने हत्या के कारणों के बारे में अनभिज्ञता जाहिर की है। उन्होंने पुलिस से इस मामले में संलिप्त हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की। वहीं अंकित की मौत की खबर मिलने के बाद गांव में मातम पसर गया। पुलिस को हत्या के मामले में निरीक्षण के दौरान घटनास्थल से शव के पास खाली बोतल पड़ी मिली, जिसमें पेट्रोल डाला गया था। पास में एक ब्लेड भी पड़ा हुआ मिला था, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी।
शव की सटीक पहचान के लिए डीएनए जांच भी कराएगी पुलिस
गन्नौर थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि शव जलने के कारण उसकी पहचान कर पाना मुश्किल था। हालांकि शव देखने के बाद अंकित के परिजनों ने उसकी पहचान कर ली। उसके बावजूद पुलिस शव की डीएनए जांच भी करवाएगी, जिससे शव की पहचान को लेकर पूरी तरह पुष्टि की जा सके। उनका कहना है कि पुलिस हत्या की गुत्थी को सुलझाने का प्रयास कर रही है।