मृतका निशा और अस्पताल में खड़े परिजन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
सोनीपत के मोहन नगर में कालूपुर चुंगी के पास निजी स्कूल बस की चपेट में आने से सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली दूसरी कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। परिजनों ने बच्ची को अस्पताल में पहुंचाया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मोहन नगर निवासी राकेश की बेटी निशा (9) क्षेत्र के सरकारी स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा थी। वह मंगलवार सुबह अपनी दो सहपाठियों के साथ पैदल ही घर से स्कूल जा रही थी। जब वह घर से कुछ दूर पहुंची तो इसी दौरान एक निजी स्कूल की बस आ गई।
बताया जा रहा है कि बच्ची स्कूल बस को देखकर एक तरफ जाने लगी तो वह सड़क पर गिर गई। जिस पर स्कूल बस चालक ने लापरवाही बरतते हुए बच्ची को कुचल दिया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गई। परिजनों को जब मामले का पता लगा तो वह उसे लेकर तुरंत सामान्य अस्पताल में पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि निशा के पिता राकेश के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।