सोनीपत के गांव खांडा के पास एनसीआर वाटर चैनल में प्रसिद्ध माॅडल शीतल उर्फ सिमी चौधरी का शव मिला है। युवती की बेरहमी से गला रेतकर हत्या की गई है। हमलावरों ने हत्या के बाद शव को एनसीआर वाटर चैनल में फेंक दिया। ग्रामीणों ने नहर में शव को उतरता देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया।
हत्या की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग और पानीपत पुलिस सोनीपत नागरिक अस्पताल पहुंचे। शीतल का सोनीपत में पोस्टमार्टम नहीं हुआ है। शव को खानपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पानीपत की उरलाना चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने खुलासा किया कि आखिरी समय में शीतल अपने बॉयफ्रेंड सुनील के साथ थी। पुलिस को पानीपत से नहर में सुनील की गाड़ी बरामद हुई थी। पुलिस को प्राथमिक जांच में अंदेशा है कि सुनील ने ही शीतल की हत्या की है। सुनील को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
बहन ने रविवार को दर्ज कराई थी शिकायत
शीतल पानीपत के खलीला माजरा की रहने वाली थी। फिलहाल वह पानीपत की सतकरतार कॉलोनी में अपनी बहन नेहा के साथ रह रही थी। रविवार को ही शीतल की बहन ने पानीपत के ओल्ड इंडस्ट्रियल थाना में शीतल की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। बताया जा रहा है कि शीतल अपने पुरुष मित्र सुनील के साथ थी, जिसकी गाड़ी भी एनसीआर वाटर चैनल से बरामद हुई है।
यह भी पढ़ें: सोनीपत में दुकानदार की हत्या: जमीन विवाद में पहले स्कूटी से गिराकर पीटा, फिर सिर पर चढ़ाया ट्रैक्टर
शनिवार रात को की थी आखिरी काॅल
वहीं मृतका की बहन नेहा ने बताया कि शनिवार रात को करीब 11 बजे शीतल में वीडियो कॉल पर बात की थी। उस समय उसने बताया था कि सुनील ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसका नंम्बर बंद हो गया था। अब उन्हें सूचना मिली है कि उसका शव सोनीपत में नहर में मिला है।
थाना प्रभारी प्रेम का कहना है कि युवती के गले और हाथ पर धारदार हथियार से वार किए गए हैं। गले पर गहरे कट के निशान हैं, जिससे साफ है कि हत्या कर शव फेंका गया है। इसके अलावा हाथ पर भी तेजधार हथियार से काटे जाने के निशान मिले हैं।