दुकानदार ने एसपी को शिकायत देकर सिविल लाइन थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित कच्चे क्वार्टर में रेडीमेड गारमेंट की दुकान चलाते हैं। जांच रिपोर्ट में फर्जीवाड़े की पुष्टि होने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हरियाणा के सोनीपत में कच्चे क्वार्टर में रेडीमेड गारमेंट की दुकान चलाने वाले दुकानदार के नाम पर फर्जी जीएसटी नंबर लेकर फर्म बनाकर एक करोड़ 71 लाख 85 हजार रुपये का लेनदेन कर लिया गया। वह रिटर्न जमा कराने अपने सीए के पास गए तो फर्जी फर्म बनाकर लेनदेन किए जाने का पता लगा। जिस पर उन्होंने एसपी को शिकायत दी। एएसपी और आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी की जांच रिपोर्ट में फर्जीवाड़े की पुष्टि होने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
जमालपुरा फैज बाजार निवासी अशोक अरोड़ा ने एसपी कार्यालय में दी शिकायत में बताया कि उनकी कच्चे क्वार्टर बाजार में 20 साल पुरानी दुकान है। वह सियाराम गारमेंट्स के नाम से रेडीमेड कपड़ों का कारोबार करते हैं। वह सीए के पास अपना इनकम टैक्स रिटर्न भरने गए थे।
वहां पर पता चला कि उनके नाम पर किसी ने जीएसटी नंबर लिया हुआ है। उसने दिल्ली में मैसर्स राधे इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म बनाई हुई है। उसने उनके नाम पर एक करोड़ 71 लाख 85 हजार रुपये का लेनदेन कर लिया है। जिस पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। उनकी शिकायत पर एएसपी निकिता खट्टर ने जांच की। उन्होंने जांच में पाया कि अशोक अरोड़ा ने कभी जीएसटी नंबर नहीं लिया है।
उनके नाम पर फर्जी नंबर लेकर कारोबार किया गया है। एएसपी ने आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी को बताए गए पते पर भेजा, लेकिन वहां पर आवासीय कॉलोनी मिली। इस नाम की कोई कंपनी नहीं है। जिस पर सिविल लाइन थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।