सोनीपत के कालूपुर में आंधी में उपले उड़कर पड़ोसी के घर में गिरने के बाद हुई कहासुनी में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। झगड़े में बुजुर्ग के सिर पर कुल्हाड़ी और डंडों से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पीड़ित परिवार ने दो भाइयों समेत 12 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कालूपुर क्षेत्र में जगदीश व सुरेश के मकान एक साथ हैं। सुरेश के परिवार के लोगों ने गोबर के उपले अपनी छत पर रखे थे। दो दिन पहले आई आंधी में उपले उड़कर जगदीश के घर में गिर गए।
काफी समय बीत जाने के बाद भी वह उपलों को उठाने नहीं आए तो जगदीश के परिजनों ने इसे लेकर विरोध जताया। इस पर बुधवार को दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी। मामले की शिकायत पुलिस को भी की गई थी। पुलिस ने पहुंचकर उन्हें शांत किया था। गुरुवार को फिर से दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जिसमें जगदीश व सुरेश के परिजन भिड़ गए। सिर पर कुल्हाड़ी लगने से जगदीश (60) घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। इस झगड़े में दूसरे पक्ष का सुरेश भी घायल है। जगदीश के परिजनों का आरोप है कि करीब 15-20 लोगों ने हमला किया है।
कालूपुर में दो पक्षों में हुए झगड़े में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पीड़ित पक्ष की ओर से दो भाइयों व उनके परिवार की महिलाओं सहित 10-12 लोगों पर आरोप लगाया गया है। इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। - देवेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, सिटी सोनीपत।