मामले का पता लगते ही एसीपी क्राइम राहुल देव, एसटीएफ डीएसपी इंडीवर, एंटी गैंगस्टर यूनिट प्रभारी अजय धनखड़ भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को मौके से कई खोल भी मिले हैं। दीपक के सिर व सीने में कई गोलियां मारकर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। फिलहाल पुलिस ने किसान के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
गोल्डी बराड़ ने ली जिम्मेदारी
दीपक मान की हत्या की जिम्मेदारी अमेरिका में बैठे कुख्यात गैंगस्टर एवं लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य गोल्डी बराड़ के नाम से बनाए सोशल मीडिया अकाउंट पर डाली पोस्ट में ली है। उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली है, जिसमें लिखा कि हां जी, सत श्री अकाल, राम राम जी सबको। बंबीहा गैंग के एक गैंगस्टर नशेड़ी मान जैतो को लंबे समय के बाद हमने मार दिया है। वह मेरे भाई गुरलाल बराड़ की हत्या के मामले में फरार था। उसको उसके किए की सजा दे दी है। उसे कुत्ते की मौत दी है। वह फेसबुक पर बहुत चैलेंज करता था। उसके सिर व सीने में उतनी ही गोलियां मारीं। जो रह गए हैं, वह भी तैयारी कर लें। साथ ही लिखा है कि सुक्खा दूनके ही हत्या भी हमने कराई है। वह टॉयलेट में हेरोइन का नशा कर रहा था। उसे घर में घुसकर मार दिया। उसकी हत्या की झूठी जिम्मेदारी लेने वालों को शर्म करनी चाहिए।
गांव हरसाना के खेत में युवक का शव मिला था। उसकी पहचान दीपक मान के रूप में हुई है। वह कुख्यात गैंगस्टर बताया गया है। उसके खिलाफ पंजाब व चंडीगढ़ में हत्याओं के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- जीत सिंह, एसीपी सोनीपत।