शहर के पॉश एवं सुरक्षित समझे जाने वाले सेक्टर-14 में शनिवार रात बदमाशों ने एक घर में डकैती की वारदात को अंजाम दे डाला। मकान मालिक की कनपटी पर दोनों तरफ पिस्तौल रखकर बदमाश घर में घुसे थे। इसके बाद उसके सिर में पिस्तौल की बट मारकर घायल कर दिया और जमकर पिटाई की। वारदात के दौरान बदमाश घर में रखी हजारों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात एवं जरूरी सामान लेकर फरार हो गए। लगभग पौने घंटे तक बदमाशों ने पूरे घर में कीमती सामान की छानबीन की। रात लगभग 12 बजे पीड़ित अपने जानकारों के साथ पुलिस के पास पहुंचा और मामले की जानकारी दी। वारदात की सूचना पर सुबह के समय मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग और भाजपा नेता राजीव जैन भी पहुंचे थे। खास बात यह है कि पुलिस ने इस मामले में डकैती की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की बजाय अपना बचाव करते हुए रात के समय घर में घुसकर चोरी करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में जल्द ही आरोपियों को काबू करने की बात कही है।
सेक्टर-14 के मकान नंबर 881 में कृष्णलाल ठकराल रहते हैं। वह शनिवार रात घर में अकेले थे। रात लगभग साढ़े 10 बजे डोरबेल बजी तो कृष्णलाल दरवाजे तक पहुंचे। इस समय तक पांच से सात युवक दीवार फांदकर घर में घुस चुके थे। थोड़ी ही देर में बदमाशों ने कृष्णलाल को काबू कर लिया और कनपटी पर दोनों तरफ पिस्तौल अड़ा दी। इसके बाद कृष्णलाल को अंदर ले गए। यहां पर पहले तो उसके सिर में बट से वार किया और बाद में हाथ-पांव बांधकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वह गृहस्वामी से पैसों के बारे में पूछते रहे। लगभग 50 हजार की नकदी उठाने के बाद बदमाशों ने अलग-अलग कमरों में से सोने-चांदी के जेवरात भी बैग में भरे। लगभग पौने घंटे तक इत्मीनान से वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। जाते-जाते घर में लगी एलईडी, दो मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान भी उठा ले गए। बदमाशों के जाने के बाद कृष्णलाल किसी तरह से बंधन मुक्त हुए और पड़ोस में रहने वाले एक मित्र के पास पहुंचे और उसे पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया। यहां से वे दोनों सेक्टर-14 पुलिस चौकी पहुंचे। वारदात की सूचना के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच की। रविवार सुबह वारदात स्थल पर एफएसएल और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची थी, जिन्होंने पूरे घर की जांच की। इसी दौरान मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव जैन भी पहुंच गए। आश्चर्य की बात यह है कि पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 458, 380 और 506 के तहत मामला दर्ज किया है। इन धाराओं के तहत रात के समय घर में घुसना, चोरी करना और जान से मारने की धमकी देने का आरोप ही लगता है।
ठेकेदार है ठकराल, पत्नी गई थी सत्संग में
पेशे से कृष्णलाल ठकराल ठेकेदार हैं। वह विशेषतौर पर मार्केटिंग बोर्ड के ठेके लेते हैं। उन्होंने बताया कि पत्नी आशा ठकराल गुरुवार को ही दिल्ली गई थी। राधास्वामी का छतरपुर में सत्संग चल रहा है, उसी सत्संग में सेवा के लिए गई थी। वह खुद शनिवार शाम के समय दिल्ली से वापस आए थे। बता दें कि उनकी तीन बेटियों की शादी हो चुकी हैं, वहीं बेटा यूएसए में रहता है।
बार-बार पूछते थे, फिर करते थे पिटाई
कृष्णलाल ने बताया कि जब डोर बेल बजी थी तो वह कमरे का दरवाजा खोलकर बाहर आया ही था कि एक बदमाश ने उसे गले से पकड़कर पिस्तौल अड़ा दी थी। सिर में बट मारी तो उसे चक्कर आ गए थे। बाद में जब तक वे बदमाश घर में रहे तब तक बार-बार पैसों के बारे में पूछते रहे और पिटाई करते रहे। कई बार उन्होंने यह भी पूछा कि तेरी घरवाली कहां है, उसे बुला।
लोकल थी बोली, बार-बार मांगी रहम की भीख
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बदमाशों की बोली लोकल थी। जिस तरह से अपने आसपास के गांवों में भाषा बोली जाती है, वैसे ही हरियाणवी भाषा वह बोल रहे थे। इतना ही नहीं उन्होंने पहले पैसों के बारे में पूछा तो उसने बताया दिया था कि दराज में हैं। दराज में पैसे नहीं मिले तो वे घसीटकर ले गए और तब उसी ने दराज से पैसे निकालकर उन्हें दिए। वह बार-बार मारपीट नहीं करने के लिए दुहाई देता रहा, लेकिन बदमाश उसे पीटते रहे। बदमाश नकाब नहीं पहने थे, लेकिन वे पीटते समय उसे सिर उठाकर चेहरा भी नहीं देखने देते थे।
फिंगरप्रिंट से करेंगे मिलान, ड्राइवर और मुंशी शक के दायरे में
जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया, उससे मालूम चलता है कि वारदात किसी जानकार ने ही अंजाम दी है। इसीलिए पुलिस ने ठेकेदार के ड्राइवर और मुंशी को शक के दायरे में लिया है। सूत्रों की मानें तो इन दोनों पर ही पुलिस का ध्यान केंद्रित है। एक्सपर्ट ने अलमारी से फिंगरप्रिंट लिए हैं, जिसका इन दोनों से मिलान भी किया जाएगा। इसके अलावा दोनों की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज भी नहीं मिली
बता दें कि इस वारदात में मदद कर सके, ऐसी सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को हासिल नहीं हो पाई है। कृष्णलाल के घर में तो सीसीटीवी ही नहीं है, पड़ोस में भी कहीं सीसीटीवी नहीं है। एक गली छोड़कर मकान के बाहर सीसीटीवी लगा है। उसकी फुटेज में भी कुछ नहीं मिला।
घर में घुसकर मारपीट कर चोरी करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वारदात जरूर किसी जानकार ने ही अंजाम दी है। जल्द ही आरोपी काबू शर लिए जाएंगे।
बलवान सिंह, प्रभारी, सेक्टर-14