सोनीपत में साइबर ठगी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है। साइबर ठग लोगों को लगातार झांसे में लेकर उनकी मेहनत की कमाई को ऐंठ रहे हैं। लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खाते खाली किए जा रहे हैं। अब ठगों ने नामी कंपनी के कंप्यूटर इंजीनियर को झांसे में लेकर 50 लाख रुपये ठग लिये। पीडि़त ने मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
साइबर ठगों ने टेलीग्राम पर एप्लीकेशन को फॉलो करने का झांसा
सोनीपत के गन्नौर निवासी भारत कुमार ने साइबर थाना पुलिस को बताया कि वह नोएडा की नामी कंपनी में इंजीनियर हैं। वह आठ साल से बतौर इंजीनियर कार्यरत हैं। साइबर ठगों ने 28 जून को उनके पास पार्ट टाइम जॉब के लिए मैसेज भेजा था। टेलीग्राम पर एप्लीकेशन को फॉलो करने का झांसा दिया गया। इसके बदले में उन्हें रुपये देने की बात कही गई। उन्होंने उनके कहे अनुसार उनके खाते में 11 हजार रुपये डाले थे। जिसकी एवज में उन्होंने 17818 रुपये उनके खाते में डाल दिए।
पहले इंजीनियर को दिया 6818 रुपये का लाभ, फिर 50 लाख की रकम उड़ाई
जिससे उन्हें 6818 रुपये का लाभ हुआ। जिसके बाद उन्होंने उन्हें अपने झांसे में ले लिया। वह लगातार उनसे रुपयों की मांग करते रहे। उन्होंने उन्हें बैंक से लोन लेकर रुपये लगाने को कहा, जिससे वह मोटी कमाई कर सके। वह उनके झांसे में आ गया और लोन लेकर उनके बताए बैंक खातों में 13 बार में करीब 50 लाख रुपये डलवा दिए। उसे कोई रुपये वापस नहीं मिले। अब वह उनके रुपये वापस देने के नाम पर 13.22 लाख रुपये और मांग रहे हैं।
इंजीनियर ने लोन लेकर साइबर ठगों को दी राशि
साथ ही रुपये नहीं देने पर उनके फोटो निर्वस्त्र तैयार कर वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। आरोपियों ने जिन बैंक खातों में रुपये डलवाए हैं, वह सभी फर्जी पहचान पत्र पर खोले गए हैं। साइबर ठगों ने षड्यंत्र रचकर उनके साथ धोखाधड़ी की है। जिससे तंग आकर उन्होंने साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।