पंजाब नेशनल बैंक के उपभोक्ता से एक दिन पहले हुए 50 हजार रुपये ठगने के आरोपी फर्जी डीएसपी की तस्वीर बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीरवार को पुलिस ने कैमरे से फुटेज ली और आरोपी तक पहुंचने के लिए आसपास के थाने में भेज दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बुधवार किशनपुरा निवासी अशोक आहूजा पैसे निकलवाने गया हुआ था। उनके पैर में चोट लगने के कारण वह पैसे निकलवाने वाला कूपन लेकर कुर्सी पर बैठ गया। इस दौरान एक व्यक्ति उसके पास आया गया उस व्यक्ति ने खुद को डीएसपी बताया और अशोक के पास बैठ गया और उसकी पैसे निकलवाने में मदद करने के नाम पर उसके हाथ से पैसे निकलवाने वाला कूपन लेकर कहने लगा कि वह पैसे निकलवाकर देता है।
उसके मना करने पर व्यक्ति ने उसके हाथ से कूपन ले लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता आरोपी ने कूपन देकर 50 हजार रुपये निकलवा लिए। इसके बाद आरोपी उन्हें बातों में उलझाकर पैसे लेकर चंपत हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात लुटेरे के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।