वर्ष 2011 में पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति के ऊपर चोरी का केस बना दिया जो पहले से ही किसी मामले में जेल में बंद था। सोनीपत पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले में रामनिवास उर्फ कल्लू निवासी बुसाना को गिरफ्तार कर लिया और अदालत में चालान भी पेश कर दिया। पुलिस ने दावा किया की रामनिवास ने ही ट्रैक्टर चोरी किया है। अदालत ने जेल रिकार्ड और अन्य पहलुओं को लेकर गहन अध्ययन किया। इस मामले का फैसला सुनाते हुए अदालत ने कहा कि यह असंभव है कि एक आदमी एक समय में दो जगह हो। अब अदालत ने ट्रैक्टर चोरी के मामले में रामनिवास को बरी कर दिया।
गांव बुसाना का रामनिवास उर्फ कल्लू किसी मामले में वर्ष, 2007 से 16 दिसंबर, 2011 तक सोनीपत जेल में बंद था। इसी दौरान 7 सितंबर, 2011 को सोनीपत शहर से एक ट्रैक्टर चोरी हो गया। ट्रैक्टर मालिक गांव नयाबांस निवासी रमेश कुमार को जब ट्रैक्टर नहीं मिला तो एक सप्ताह बाद उससे 14 सितंबर को सोनीपत थाने में चोरी की शिकायत दर्ज करवा दी। सोनीपत पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चोरी के मामले में 11 अगस्त, 2013 को रामनिवास को गिरफ्तार कर लिया। अगले ही दिन पुलिस ने उसका चालान कर उसे अदालत में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने अदालत में चालान पेश करके दावा किया कि रामनिवास से चोरी का ट्रैक्टर बरामद हुआ है और उसने स्वयं ट्रैक्टर चोरी करने की बात भी स्वीकार कर ली है। इस मामले को लेकर अदालत में अनेक बार सुनवाई हुई। रामनिवास के अधिवक्ता ने दावा किया कि जब ट्रैक्टर चोरी हुआ था उस समय रामनिवास तो सोनीपत जेल में बंद था। इसके बाद सोनीपत जेल के रिकार्ड की जांच भी की गई। जेल के अधिकारियों ने भी रिकार्ड पेश करते हुए स्पष्ट कर दिया कि रामनिवास 7 सितंबर, 2011 को जेल में बंद था और इसी दिन ट्रैक्टर चोरी हुआ था। इस मामले में लेकर जज विशेष गर्ग जेएमआईसी सोनीपत ने विभिन्न पहलुओं पर सुनवाई की। अदालत ने निर्णय करते हुए कहा कि यह असंभव एक आदमी एक समय में दो जगह हो। इस पर अदालत में रामनिवास को बरी कर दिया।