सोनीपत में कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में निफ्टम चौक के पास फैक्टरी के ठेकेदार को नुकीला हथियार अड़ाकर काबू करने के बाद स्कूटी और साढ़े 12 लाख रुपये की नकदी लूट ली। बदमाश ठेकेदार को झाड़ियों में फेंककर व धमकी देकर भाग गए। दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के न्यू सीलमपुर स्थित चौहान बांगर की गली नंबर-4 निवासी इस्लाम अंसारी ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह कुंडली क्षेत्र में ठेकेदार हैं। वह 30 साल से मार्क इंटरप्राइजेज कंपनी में श्रमिक उपलब्ध कराते हैं। फैक्टरी में उनके 80 श्रमिक काम करते हैं। उनका वेतन फैक्टरी की तरफ से उनके खाते में डाल दिया जाता है। इस्लाम अंसारी ने बताया कि फैक्टरी मालिक ने शुक्रवार को उनके खाते में वेतन के रुपये डाल दिए थे। शनिवार 12 नवंबर को वह बैंक खाते से 10 लाख रुपये निकालकर लाए थे। उन्होंने 1.50 लाख रुपये अपने घर से लिए और एक लाख रुपये एटीएम से निकाले। उन्होंने रुपयों को एक बैग में डालकर स्कूटी की डिग्गी में रख लिया।
उसके बाद वह कामगारों का भुगतान करने के लिए स्कूटी से कुंडली के लिए चल दिए। उन्होंने बताया कि जब वह कुंडली में निफ्टम चौक पर पहुंचे तो दो बाइक पर सवार चार युवकों ने ओवरटेक करके उनको रोक लिया। एक युवक ने उनकी गर्दन को पकड़ लिया और कमर में कोई नुकीला हथियार सटाकर आवाज नहीं करने की धमकी दी। वह उसे सड़क किनारे झाड़ियों की तरफ ले गए और धमकी देकर झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद वह स्कूटी और उसकी डिग्गी में रखी नकदी लेकर भाग गए। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम और कंपनी प्रबंधन को मामले की जानकारी दी। कुंडली थाना पुलिस ने जांच के बाद लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने बदमाशों का पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है।