हरियाणा के जींद में उचाना थाना क्षेत्र के एक गांव के लोगों द्वारा नाबालिग का अपहरण करने के मामले में एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने नौ नामजद कर 110 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सुरक्षा एजेंट पवन कुमार ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आठ फरवरी को छात्तर और खरकगादियां गांव के लोग नाबालिग के गुम होने के मामले में एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन करने आ रहे थे। पुलिस ने उक्त लोगों को पीछे ही रोकने की कोशिश की लेकिन नहीं माने और उल्टा पुलिस कर्मचारियों के साथ धक्कामुक्की कर सरकारी काम में बाधा डाली।
वहीं प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन भी नहीं किया। इस मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी रविंद्र ने बताया कि छात्तर गांव के सुशील, नरेश, अमरदीप उर्फ अमरनाथ, नरेश, कृष्ण, दिनेश, नरेश और खरकगादियां गांव के गुलशन उर्फ अमित, बरहा गांव के संदीप को नामजद कर 110 अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, कोविड-19 की गाइडलाइन का उल्लंघन करने, पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी से मिलकर लगाई लड़की को बरामद करने की गुहार
उचाना थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की का अपहरण करने व लड़की को बरामद करवाने की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे। एसपी ने लोगों को बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लड़की को बरामद करवाया जाएगा।