सोनीपत में व्यापारी पर हमला कर कार लूटने के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी सीआईए स्टाफ टीम के साथ।
- फोटो : sonipat
पॉश इलाके सेक्टर-23 में व्यापारी पर हमला कर कार लूट के मामले से सीआईए स्टाफ पुलिस ने पर्दा उठाते हुए छह आरोपियों को दबोच लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी से दिल्ली में हुई लूट की दो अन्य वारदातों का भी खुलासा हो गया है। गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान दिल्ली के गांव बक्करवाला निवासी आशीष उर्फ आशी, दिल्ली के तिलगपुर कोटला निवासी योगेश उर्फ बकरा, दिल्ली के श्यामनगर का रहने वाला अरुण उर्फ ललवा, गढ़ी ब्राह्मणा निवासी साहिल व अभिषेक उर्फ सुक्का और महलाना चौक निवासी शिवम के रूप में दी है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सेक्टर-23 निवासी अरुण ने पुलिस को बताया था कि वह रोड़ी-डस्ट और ईंट का व्यापार करता है। उसने बताया था कि 22 दिसंबर की देर रात वह अपनी कार लेकर सेक्टर-23 आउटर की तरफ गया था। इसी दौरान आधा दर्जन युवकों ने उसे काबू कर लिया है। युवकों ने उसके सिर पर किसी लोहे की राड से हमला कर उसे घायल कर दिया था। उसे घायल करने के बाद बदमाश उसकी कार को लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया था। मामले की जांच सीआईए स्टाफ का दी गई थी। सीआईए स्टाफ प्रभारी इंदीवर के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ के एएसआई रमेश, मंदीप, सुशील व मुख्य सिपाही संदीप और सुरेश की टीम ने लूट के छह आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस टीम ने पहले अरुण उर्फ ललवा, साहिल, शिवम और अभिषेक उर्फ सुक्का को गढ़ी ब्राह्मणा के पास से गिरफ्तार किया। उन्होंने लूट की वारदात को कबूल करते हुए बताया कि उनके दो साथी सोनीपत रेलवे स्टेशन के पास हैं। इस पर पुलिस टीम ने आशीष उर्फ आशी तथा योगेश उर्फ बकरा को रेलवे स्टेशन के पास से काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि लूट में प्रयुक्त हथियार व लूटी गई कार को बरामद किया जा सके।
दो अन्य वारदातों से उठा पर्दा
गिरफ्तार आरोपी आशीष उर्फ आशी ने पुलिस का बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब आठ माह पहले दिल्ली के गांव हिरण कुदना के पास से टैंपू चालक को काबू कर उससे आठ हजार रुपये छीने थे। उसी दिन उन्होंने एक अन्य टैंपू चालक को काबू कर उससे पांच हजार रुपये लूटे थे।
कार लूट के मामले में छह आरोपियों को काबू कर लिया है। व्यापारी से कार लूट की वारदात के साथ दो अन्य लूट की वारदात कबूल की हैं। दोनों घटना दिल्ली की है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
इंदीवर, सीआईए प्रभारी