सब्सिडी वाला यूरिया प्रयोग करने पर पॉलीकेम कंपनी पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडली। प्याऊ मनियारी स्थित एक कंपनी में कच्चे मॉल में नीम कोटेड यूरिया मिला है। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद कृषि एवं किसान वेलफेयर डिपार्टमेंट के निरीक्षक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने इस संबंध में फर्टिलाइजर क्रिमिनल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकेगा।
कृषि एवं किसान वेलफेयर डिपार्टमेंट के प्रॉपर्टीज कंट्रोल इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने कुंडली थाना पुलिस को बताया है कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि प्याऊ मनियारी सृष्टि पॉलीकेम कंपनी में नीम कोटेड यूरिया का प्रयोग किया जा रहा है। जिस पर उनकी टीम ने कंपनी में जाकर 5 अक्तूबर, 2018 को सैंपल लिए थे। जिसमें जांच रिपोर्ट में कच्चे माल के अंदर नीम कोटेड यूरिया की मात्रा मिली है। उन्होंने बताया कि किसानों को सब्सिडी पर मिलने वाले यूरिया के अंदर 0.035 प्रतिशत नीम कोटेड होता है। सब्सिडी पर मिलने वाला यूरिया बाजार में बिकने वाले यूरिया से काफी सस्ता होता है। जिसे सिर्फ किसानों को दिया जाता है। पहले यूरिया की कालाबाजारी कर कंपनी वाले इसे प्रयोग करने लगे थे। जिसके बाद इसे नीम कोटेड किया था। बाद में जानकारी मिली थी कि कंपनी वालों ने नीम कोटेड यूरिया का प्रयोग भी शुरू कर दिया है। प्याऊ मनियारी स्थित कंपनी में कच्चे मॉल के सैंपल के दौरान काफी कम मात्रा में नीम कोटेड यूरिया होने का पता लगा था। जिस पर कंपनी के खिलाफ कुंडली थाना में मामला दर्ज कराया गया है। हालांकि कंपनी की तरफ से विभाग को दोबारा सैंपल लेने की अपील भी की गई है। अब कुंडली पुलिस मामले की जांच करेगी। पुलिस ने 3, 5,7,8,9 फर्टिलाइजर क्रिमिनल एक्ट 1955 के तहत मामला दर्ज किया है। जिससे सच्चाई का पता लगाया जा सके।
---
करीब पांच माह पहले कंपनी में कच्चे माल के सैंपल लिए थे। जिसमें नीम कोटेड यूरिया होने की पुष्टि हुई है। हालांकि वह काफी कम मात्रा में मिला है। जिस पर पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है। कंपनी की तरफ से दोबारा सैंपल की अपील भी मिली है।
राकेश कुमार, प्रॉपर्टीज कंट्रोल इंस्पेक्टर कृषि एवं किसान वेलफेयर डिपार्टमेंट सोनीपत।
--
कृषि विभाग की तरफ से कंपनी के खिलाफ शिकायत मिली थी। जिस पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
रवींद्र कुमार, थाना प्रभारी कुंडली।