स्टोर की टिन हटाकर हजारों का कॉपर चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव बारोटा के पास स्थित फैक्टरी के स्टोर की टिन हटाकर चोर हजारों रुपये का कॉपर चोरी कर ले गए। फैक्टरी के सुपरवाइजर ने पुलिस से शिकायत की है। उसने दो युवकों पर शक जताया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पानीपत के गांव जलमाना निवासी राजेश ने पुलिस को बताया कि वह बारोटा स्थित जेपीजी कंपनी में सुपरवाइजर के पद है। तीन जुलाई को चोर कंपनी के पिछले हिस्से में बने स्टोर रूम की टिन हटाकर वहां से कॉपर के सात रोल चोरी कर ले गए। इनकी कीमत हजारों रुपये है। उसे कंपनी के एक पूर्व कर्मी पर शक हुआ। उन्होंने मामले की शिकायत कुंडली थाने में देकर दो युवकों पर शक जताया है। पुलिस ने खेड़ी मनाजात गांव के दो युवकों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के जांच अधिकारी विरेंद्र छिक्कारा ने बताया कि चोरी की शिकायत मिली थी। केस दर्ज कर आरोपी युवकों का पता लगाया जा रहा है।