तीन लोगों ने जाली कागजात जमा कराकर ली जमानत, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। रेलवे फाटक के पास लूटपाट के मामले में गिरफ्तार तीन महिलाओं की जमानत कराने के लिए जाली कागजात जमा कराने वाले तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों के खिलाफ एएसजे राजेश शर्मा की कोर्ट के रीडर ने शिकायत दी थी। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विदित रहे कि गांव महलाना निवासी जगपाल व उनकी पत्नी मूर्ति के साथ 20 जुलाई, 2018 को लूटपाट हुई थी। वह हिंदू कॉलेज के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में 2.10 लाख रुपये जमा कराने आया था। जगपाल नकदी जमा कराने से पहले वह बैंक कॉपी में एंट्री कराने लगा तो इसी दौरान महिला उसकी पत्नी के हाथ से थैला छीनकर बाहर की तरफ भाग गई थी। आसपास के लोगों व गार्ड की मदद से तीनों महिलाएं फाटक की तरफ पकड़ी गई थी। सूचना के बाद गोहाना रोड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची थी और तीनों को गिरफ्तार कर लिया था। महिलाओं ने अपनी पहचान मूलरूप से मध्यप्रदेश के गुलखेड़ी निवासी प्रीति, काली व बिजली के रूप में दी थी। तीनों आरोपी उस समय नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास झुग्गी बस्ती में रहती थी। बाद में उनकी जमानत हो गई थी। तीनों की जमानत सलीम, शैलेंद्र व लोकेश ने ली थी। बाद में पता लगा कि उन्होंने जाली कागजात जमा कराए हैं। जिस पर एएसजे राजेश शर्मा रीडर ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।