पंचायत में बार-बार बोलने से रोका तो कर दी पिटाई, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। गांव धनाना में नई धर्मशाला बनाने के लिए हुई पंचायत में बार-बार बोल रहे एक व्यक्ति को रोकना ग्रामीण को महंगा पड़ गया। व्यक्ति व उसके परिजनों ने मिलकर ग्रामीण की पिटाई कर दी। बाद में उसके बचाव को बेटे व दो अन्य ग्रामीणों पर भी हमला कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव धनाना निवासी बलबीर ने पुलिस को बताया कि उसे गांव के मंदिर में बुलाया गया था। जहां पर गांव में नई धर्मशाला बनाने को लेकर पंचायत हो रही थी। पंचायत के दौरान जब कोई ग्रामीण अपना पक्ष रखने लगता तो ग्रामीण साधुराम उसे बीच में रोक देता और अपनी बात कहने लगता। इसी बीच जब उसने साधुराम को अन्य की बात भी सुनने को कहा तो वह बिफर गया। इसी बीच साधुराम के पक्ष के अमीचंद ने बलबीर के सिर पर लाठी से हमला कर दिया। साथ ही साधुराम ने उसे गोली मारने की धमकी भी दी। उसके बेटे नीरज ने बीच बचाव किया तो पंचायत में मौजूद नरेश, महेंद्र, अनिल, शीलकराम ने उसके बेटे नीरज की पिटाई कर दी। साथ ही बचाव को आए अन्य ग्रामीण जयबीर, विजय को भी पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।