बिजली चोरी पकड़ने गई टीम को घेरकर हमला, महिलाओं ने जेई को पीटा, एसडीओ की गाड़ी तोड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। बैंयापुर गांव में बिजली चोरी पकड़ने गई निगम की टीम पर महिलाओं ने हमला बोल दिया। वहां महिलाओं ने पहले एसडीओ की गाड़ी को तोड़ दिया और उसके बाद लाठी-डंडे लेकर सभी को दौड़ा दिया। निगम की टीम में शामिल एसडीओ व तीन जेई ने किसी तरह भागकर जान बचाई। वहां एक जेई पीछे रह गया तो उसे घेरकर लाठी-डंडों से पीट दिया, जिससे जेई घायल हो गया। टीम के साथ पहुंचे पुलिस विभाग के एसपीओ ने जेई को बचाया और निकालकर लाए। जेई को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में बिजली निगम की ओर से सदर थाने में सात महिलाओं को नामजद करते हुए 27 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
इंडस्ट्रियल एरिया सब डिविजन के एसडीओ केशव कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को बिजली निगम की टीम बैंयापुर गांव में चोरी पकड़ने पहुंची। टीम में एसडीओ के अलावा जेई विश्वेंद्र, अंग्रेज, राजमल, रजत, एलएम हरपाल, अशोक, मंगत, एएलएम अनिल व सोमबीर शामिल थे। इनके साथ ही पुलिस विभाग से एसपीओ धीरेंद्र भी गए थे। बैंयापुर गांव में रोहतक रोड पर गाड़ी रोकने के बाद सभी गलियों में घुस गए तो एसडीओ केशव कुमार अपने ड्राइवर के साथ गाड़ी से कुछ दूर खड़े रह गए। वहां कर्मचारियों ने बिजली चोरी पकड़ने के लिए सभी घर से बिल मांगने शुरू कर दिए। वहां करीब 10 घरों को चेक किया गया था। इसी दौरान करीब पचास महिलाएं घरों से लाठी-डंडे लेकर आ गईं। यहां बिजली कर्मियों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी गई तो वहां हंगामा होता देखकर कुछ पुरुष भी पहुंच गए। जिसके बाद बिजली कर्मियों पर हमला कर दिया और इस तरह घिरता देखकर कर्मी वहां से भागने लगे। कर्मियों के पीछे भागते हुए कुछ महिलाएं रोहतक रोड तक पहुंच गईं और वहां एसडीओ की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। वहीं गलियों के अंदर ही कुछ महिलाओं ने जेई विश्वेंद्र को घेर लिया और उसकी लाठी-डंडो से पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया और उसे एसपीओ ने पहुंचकर किसी तरह से बचाया। इस मामले में बिजली निगम की ओर से रजनी, उषा, श्यामो, श्यामो की दो पुत्रवधू, रोशनी, आनंद पंडित की पत्नी को नामजद करते हुए 27 महिलाओं के खिलाफ सदर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
---
महिलाओं ने एसपीओ को घेरा
बिजली निगम की टीम के साथ एसपीओ धीरेंद्र कुमार को भी महिलाओं ने घेरा लिया। यहां एसपीओ धीरेंद्र कुमार ने महिलाओं को बताया कि उसके पास बैंयापुर से फोन गया था कि यहां कोई विवाद हुआ है और वह उनकी मदद करने के लिए ही आया है। इसके बाद महिलाओं ने एसपीओ को छोड़ दिया। इसके बाद ही उसने जेई विश्वेंद्र को छुड़ाया और सिविल अस्पताल में उपचार के लिए जेई को भर्ती कराया।
---
अस्पताल में हाल जानने पहुंचे एसई व एक्सईएन
बैंयापुर में हुए हमले के बाद अस्पताल में भर्ती जेई विश्वेंद्र का हाल जानने के लिए एसई एसएल राय व एक्सईएन सिटी जेसी शर्मा भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एसडीओ केशव कुमार व घायल जेई विश्वेंद्र से घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद ग्रामीणों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।
---
बैंयापुर में ज्यादा बिजली चोरी होने के कारण छापा मारा गया था। यहां छापा मारने से पहले सूचना देकर पुलिस कर्मी मांगे गए थे, जिसके बाद एक पुलिस कर्मी को भेजा गया। अब चोरी पकड़ने के लिए छापेमारी करने को जाने वाली टीम के साथ ज्यादा पुलिस कर्मी भेजे जाएंगे, जिसके लिए पुलिस अधिकारियों से बात की जाएगी। इस मामले में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
- एसएल राय, एसई बिजली निगम
---
बिजली निगम की ओर से शिकायत मिली थी कि बैंयापुर में बिजली चोरी पकड़ने गए थे। यहां कर्मियों के साथ मारपीट की गई और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई गई है। शिकायत के आधार पर सात नामजद समेत अन्य अज्ञात महिलाओं पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
- दलबीर दांगी, एसएचओ सदर थाना