रेलवे में टीटीई लगवाने के नाम पर भठगांव के युवक से कुछ लोगों ने सात लाख रुपये ठग लिए। साथ ही फर्जी नियुक्ति पत्र व अन्य कागजात दे दिए। फर्जीवाड़ा उजागर होने पर जब पीड़ित ने अपने पैसे मांगे तो कोई जवाब नहीं मिला। पीड़ित की शिकायत पर सदर पुलिस ने सोनीपत, दिल्ली के पांच लोगों के खिलाफ ठगी का केस दर्ज किया है।
भठगांव निवासी प्रेम सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसकी सेक्टर-12 निवासी राहुल कुमार से जान-पहचान थी। राहुल ने कहा कि वह उसके बेटे को रेलवे में टीटीई की नौकरी लगवा देता हूं। इसके 10 लाख रुपये लगेंगे। उसकी रेलवे में काफी अच्छी पहुंच है। विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने उसे दिल्ली के कई लोगों से मिलवाया। इसके बाद उससे नकद व चेक के माध्यम से सात लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि एक साल इंतजार करने के बाद जब उसने राहुल से पूछा तो आरोपियों ने उसे इधर-उधर घूमाना शुरू कर दिया। दबाव डालने पर एक फर्जी नियुक्ति पत्र व अन्य कागजात लाकर दे दिए। उन पर रेलवे की मुहर लगी हुई थी। साथ ही उसके बेटे का मेडिकल तक करवाया। उसका बेटा रेलवे में पहुंचा और नियुक्ति पत्र दिखाया।
पता चला है कि यह नियुक्ति पत्र तो फर्जी है। उसका कोई सेलेक्शन नहीं हुआ है। जब उसने आरोपियों से बात की तो उन्होंने उल्टा उसे ही धमकाना शुरू कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-12 राहुल कुमार, दिल्ली में नजफगढ़ स्थित विनोबा इंकलेव निवासी दीवान सिंह, दिल्ली के मदनपुरी निवासी रवींद्र व रोहिणी के विजय विहार निवासी कृष्ण और उसके पिता सत्यनारायण के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
मामला दर्ज, जल्द होगी जांच पड़ताल
भठगांव निवासी प्रेमसिंह ने शिकायत दी थी कि रेलवे में टीटीई की नौकरी लगवाने के नाम पर राहुल, दीवान, रवींद्र, कृष्ण व सत्यनारायण ने उससे सात लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जल्द पूरे मामले से पर्दा उठ जाएगा।
अजय कुमार, सदर थाना प्रभारी