शादी में आए व्यक्ति के बैग से 90 हजार चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव बैंयापुर स्थित पार्वती गार्डन में भतीजे के शादी समारोह में आए व्यक्ति के बैग से 90 हजार रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने एक युवक पर नकदी चोरी का आरोप लगाया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मूलरूप से जींद के गांव रिटौली फिलहाल दिल्ली के नागलोई स्थित राजेंद्र नगर निवासी कृष्ण दत्त शर्मा ने बताया कि वह अपने भतीजे की शादी में पार्वती गार्डन बैंयापुर आया था। कृष्ण दत्त ने बताया कि शादी समारोह 8 फरवरी को था। इसी दौरान उसके बैग से दो-दो हजार के 45 नोट चोरी हो गए। जब उसे पता लगा तो उसने पहले सिटी थाना में शिकायत दर्ज करा दी। बाद में पता लगा कि मामला सदर थाना क्षेत्र का है। जिस पर वह दिल्ली से वापस आया और सदर थाना में शिकायत दी। कृष्ण दत्त ने आरोप लगाया कि शादी समारोह के दौरान गांव बैंयापुर निवासी महेंद्र का रिश्तेदार उसके साथ था। उसे शक है कि उसने ही उसके बैग से नकदी चोरी की है। उसने जब शादी की वीडियो देखी तो उसमें भी वह उसके साथ-साथ घूमता नजर आ रहा है। जिस पर सदर थाना पुलिस ने अब चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी की तलाश की जा रही है।