अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल/नंगाल चौधरी। राजस्थान के सीकर निवासी एक छात्र की बदमाशों ने लूटपाट के दौरान पीटकर हत्या कर दी। युवक घर से एक शादी समारोह के लिए बाइक लेकर निकला था। पांचनोता गांव के पास 23 फरवरी की रात लहूलुहान हालत में मिला था। छात्र ने उपचार के दौरान पीजीआई रोहतक में दम तोड़ दिया। नांगल चौधरी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सोमवार को कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात पर डकैती और लूट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। छात्र इंजीनियरिंग की कोचिंग ले रहा था और माता-पिता का इकलौता बेटा था।
पुलिस में दी शिकायत में गांव नया नगर सीकर निवासी रामनाथ ने बताया है कि उसके चाचा देवकरण का बेटा कैलाश चंद (22) 23 फरवरी की शाम पांच बजे बाइक लेकर शादी समारोह में जाने की बात कहकर घर से निकला था। 24 फरवरी की देर रात उनको सूचना मिली की कैलाश चंद लहूलुहान अवस्था में पांचनोता गांव के पास पड़ा है, जिसके सिर व पैरों पर चोट लगी हुई हैं। ग्रामीणों ने उसे एंबुलेंस की सहायता से नांगल चौधरी सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर होने के कारण पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पीड़ित का कहना है कि कैलाशचंद से एटीएम कार्ड, रुपयों से भरा पर्स व मोबाइल छीनने के बाद बदमाश मारपीट कर पांचनोता गांव के पास छोड़कर फरार हो गए। युवक की बाइक को भी रोड किनारे मिली है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पांच-छह अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी देवेंद्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने लूटपाट व हत्या की आशंका जताई है।
इकलौता बेटा था
गांव नयानगर, जिला सीकर राजस्थान निवासी रामनाथ ने बताया कि कैलाश चंद इकलौता बेटा था। देवचरण मजदूरी का काम करता है और घर से बाहर रहता है। कैलाश चंद इंजीनियरिंग की कोचिंग ले रहा था। बेटे की मौत से पूरा परिवार टूट गया है। देवकरण बेटे को इंजीनियर बनाना चाहता था।
कुछ लोगों ने मारपीट की थी
मिली जानकारी के अनुसार कैलाश चंद को बदमाशों ने पांचनोता गांव के पास 23 फरवरी की रात करीब पौने 12 बजे सड़क पर फेंक दिया था। कुछ समय बाद गांव के हरिराम की नजर कैलाश चंद पर पड़ी। जिस पर कैलाश चंद ने हरिराम से कहा कि कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और सामान छीन लिया। हालांकि आरोपियों के नाम नहीं बता पाया। हरिराम ने ही एंबुलेंस मंगवाकर उसे अस्पताल भेजा था।
जांच अधिकारी देवेंद्र ने बताया कि पांचनोतागांव के हरिराम का कैलाश चंद ने पांच-छह बदमाशों द्वारा मारपीट करने की बात कही थी। मौके पर उसकी बाइक खड़ी मिली है। उसके पास कितना कैश था, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। मामले की जांच की जा रही है।