गन्नौर। गांव बली कुतुबपुर के राजकीय स्कूल में घुसकर शिक्षकों के साथ अभद्रता करने व रिकार्ड रजिस्टर में अश्लील चित्र बनाने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी गांव बली कुतुबपुर का रहने वाला मोहित है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
बली कुतुबपुर के स्कूल प्राचार्य नवीन कादियान ने 25 अक्तूबर को पुलिस को बताया था कि गांव का मोहित उनके स्कूल में घुस आया था। उसने स्कूल के अंदर आने के बाद अध्यापक सत्यनारायण व अन्य के साथ अभद्रता करने के साथ ही हाथापाई तक कर दी थी। आरोपी ने गालियां देने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस घटना का वीडियो बनाया गया है। साथ ही आरोपी इससे पहले भी कक्षा पांच में घुसकर रात को रजिस्टर में अश्लील चित्र व अश्लील शब्द लिख चुका है। उसने स्कूल टीचर को धमकी दी थी कि उसके पास दो एकड़ जमीन है। वह स्कूल के अध्यापकों को मारने के लिए अपनी जमीन बेचने को भी तैयार है। पुलिस ने प्राचार्य के बयान पर मोहित के खिलाफ विभिन्न धाराओं मेें मामला दर्ज कर लिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए एएसआई सतबीर सिंह की टीम ने आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया।
वर्जन
स्कूल प्राचार्य के बयान पर दर्ज मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक पर शिक्षकों से अभद्रता, धमकी देने व हाथापाई करने के आरोप है। उसे अदालत के निर्देष पर जेल भेज दिया गया।
सतबीर, जांच अधिकारी, खुबडू चौकी।