बाइक पर रखा 51 हजार की नकदी से भरा बैग ले गया कार सवार
-भैंस के पैसे देने जा रहा था व्यक्ति
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। गांव छपरा निवासी एक व्यक्ति को सड़क किनारे बाइक खड़ी कर उसपर नकदी से भरा बैग रखकर लघुशंका को जाना मंहगा पड़ गया। इसी दौरान एक कार सवार व्यक्ति बैग को उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
गांव छपरा निवासी राजेंद्र ने बताया कि उसने गोहाना से भैंस खरीदी थी और उसे भैंस के पैसे देने थे। वह घर से 51 हजार रुपये बाइक से गोहाना के लिए निकला था। जब गोहाना के महम मार्ग पर बने पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो उसने सड़क किनारे बाइक पर नकदी से भरा बैग रख दिया और लघुशंका करने चला गया। इसी बीच सफेद रंग की कार सवार एक व्यक्ति उसका बैग उठाकर फरार हो गया। कार में दो लोग सवार थे। उसने कार का पीछा भी किया, लेकिन वह भाग निकले। पुलिस ने राजेंद्र के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।