अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
शहर के मुरथल रोड स्थित शुभम गार्डन के पास से कार सवार युवक को पिस्तौल व चाकू के बल पर बंधक बनाकर बदमाश कार, मोबाइल व नकदी लूट ले गए। बदमाश युवक को गोहाना के गांव बड़ौता के पास फेंक गए। युवक ने मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है। बदमाशों ने युवक से एटीएम का नंबर पूछने का भी प्रयास किया, लेकिन युवक ने नंबर की जानकारी होने से मना कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार सुबह सेक्टर-15 निवासी जयदीप अपनी कार में दादा को छोडने के लिए शुभम गार्डन की तरफ गया था। उसने अपने दादा को गार्डन के पास उतार दिया और कुछ आगे जाकर कट से वापस मुड़कर आने लगा। इसी बीच बाइक सवार चार युवकों ने उसे रुकवा लिया। कार के रोकते ही दो युवकों ने पिस्तौल व एक ने चाकू के बल पर जयदीप को काबू कर लिया। उन्होंने कार सवार को पिछले सीट पर डाल लिया। वह कार को लेकर गांव बड़वासनी की तरफ ले गए। वहां पर जाने के बाद बाइक सवार ने नहर के पास बाइक को छोड़ दिया। वह भी उसकी कार में सवार हो गया। वहां उन्होंने जयदीप से मोबाइल, छह हजार रुपये छीन लिए। साथ ही उसका एटीएम लेकर उससे पिन नंबर पूछने लगे। जयदीप ने जानकारी होने से मना कर दिया। बाद में उन्होंने युवक से उनके घर फोन कराकर पिन नंबर जानने का प्रयास किया, लेकिन परिजन समझ गए और नंबर नहीं बताया। बदमाश जयदीप को लेकर बड़ौता गांव के पहुंचे और वहां उसे कार से उतारकर फरार हो गए। वहां से जयदीप ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद वह सोनीपत पहुंचा। पुलिस ने जयदीप के बयान पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
तीन दिन पहले इसी तरह हुई थी वारदात
तीन दिन पहले भी इसी तरह लूट की वारदात हुई थी। जब कार सवार दो साथियों को बंधक बनाकर पांच बदमाशों ने कार, नकदी व अन्य सामान लूट लिया था। बदमाश कार सवारों को भी सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए थे।
युवक ने पिस्तौल के बल पर कार, नकदी व मोबाइल लूट की शिकायत दी है। मामला दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
-राव वीरेंद्र सिंह, थाना सदर प्रभारी
पिस्तौल के बल पर बंधक बना कार और नकदी लूटी
बाइक सवार चार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
युवक को गोहाना के गांव बड़ौता के पास फेंका, मामला दर्ज